मिट्टी भराव से कुलावा की नाली बंद, फसलें सूखी
संवाद सूत्र सकरावा मिट्टी भराव होने से खेतों तक पहुंचने वाले पानी की नाली बंद हो गई।
संवाद सूत्र, सकरावा: मिट्टी भराव होने से खेतों तक पहुंचने वाले पानी की नाली बंद हो गई। ऐसे में फसलें सूखने लगी। परेशान किसानों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। समस्या का समाधान कराए जाने को नाली खुलवाने की मांग की।
सौरिख रजबहा से आने वाले पानी की मदद से किसान फसलों की सिचाई करते हैं। सौरिख सकरावा मार्ग पर सड़क किनारे कुलावे की नाली बनी हुई है। इससे पानी खेतों तक पहुंचता है और फसलों की सिचाई होती है। सड़क किनारे नए पेट्रोल पंप स्वीकृत हुए। इन्हें बनवाने को मिट्टी डलवाई गई। इससे नाली में भी मिट्टी भर गई है और यह पूरी तरह से बंद हो गई। रजबहा का पानी खेतों तक नहीं पहुंच रहा है। इससे किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। रविवार को पिटू यादव, साहब सिंह, गुलाब सिंह, नरोत्तम सिंह, संदीप कुमार, योगेंद्र सिंह, संजय कुमार व रामसेवक समेत अन्य किसान एकजुट हुए। सभी ने नालियों के बंद होने वाली जगह पर नारेबाजी कर विरोध किया। किसानों ने सिचाई न होने से गेहूं की फसल प्रभावित होने की बात कही। पेट्रोल पंप मालिकों पर मनमानी से नाली बंद करने का आरोप भी लगाया। बताया कि रजबहा का पानी पट्टी बंबा से सड़क किनारे पलाहार की ओर कुलावे से आता था। सभी ने नाली खुलवाए जाने की मांग की। किसान गुलाब सिंह ने बताया कि इस समय खेतों में गेहूं की फसल तैयार हो रही है। नाली बंद हो जाने से पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है। सिचाई न होने से फसल प्रभावित हो रही है। इससे पैदावार कम हो जाएगी। साहब सिंह ने बताया कि मिट्टी भराव कर मनमाने तरीके से नाली बंद कर दी गई है। किसानों के लिए यह स्थित बेहद ही खराब है। इससे क्षेत्र की सैकड़ों बीघा फसल की सिचाई नहीं हो पाएगी। पानी न मिलने से यह फसल बर्बाद हो जाएगी।
जिम्मेदार बोले
कुलावा की नाली बंद किए जाने की जांच कराई जाएगी। इसके लिए सिचाई विभाग को भी पत्र लिखा जाएगा। किसानों की समस्या का प्राथमिकता से समाधान कराया जाएगा।
- देवेश कुमार गुप्त, एसडीएम छिबरामऊ