विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्नौज में तैनात होंगे 320 नए होमगार्ड, उत्तर प्रदेश भर्ती बोर्ड ने जिला प्रशासन को सौंपी लिस्ट

Published: Thu, 22 Oct 2026 06:07 PM (IST)

कन्नौज जिले को कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 320 नए होमगार्ड जवान मिले हैं, जिनमें 256 पुरुष और 64 महिलाएं शामिल हैं।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. कन्नौज को मिले 320 नए होमगार्ड जवान।

  2. 256 पुरुष और 64 महिला होमगार्ड शामिल।

  3. चरित्र सत्यापन के बाद जल्द होगी तैनाती।

जागरण संवाददाता, कन्नौज। कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में जिले को बड़ी सौगात मिली है। जिले को 320 नए चयनित होमगार्ड जवान मिले हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की आधिकारिक सूची जिला प्रशासन व पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।

जारी की गई सूची के अनुसार इन 320 नव चयनित जवानों में 256 पुरुष और 64 महिला होमगार्ड शामिल हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, चयनित सभी अभ्यर्थी जिले के ही मूल निवासी हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और सूचना तंत्र को और मजबूती मिलेगी। वर्तमान में इन सभी नव चयनित जवानों का चरित्र सत्यापन शुरू हो गया है।

अभ्यर्थियों के सभी शैक्षणिक दस्तावेजों और शारीरिक मानकों की गहनता से पड़ताल की जा रही है ताकि पारदर्शी तरीके से पूरी प्रक्रिया संपन्न हो सके।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन कार्य बिना किसी विलंब के समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए जिले के सभी उप जिलाधिकारियों और थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों के चयनित अभ्यर्थियों के बैकग्राउंड चेक की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया है।

सभी अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच और चरित्र सत्यापन रिपोर्ट सकारात्मक मिलने पर उन्हें त्वरित प्रशिक्षण और औपचारिकताएं पूर्ण कर विभिन्न थानों, ट्रैफिक व्यवस्था तथा महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों पर तैनात किया जाएगा। प्रभारी जिला कमांडेंट होमगार्ड प्रीती शर्मा ने बताया कि चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है।