शराब के नशे में अभद्रता व पथराव, नवजात की हत्या का आरोप
- एक पक्ष ने नवजात की हत्या का लगाया आरोप - दूसरे पक्ष ने प्रसव के दौरान अस्पताल में बच्ची की मौ
- एक पक्ष ने नवजात की हत्या का लगाया आरोप
- दूसरे पक्ष ने प्रसव के दौरान अस्पताल में बच्ची की मौत की कही बात
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ: मामूली बात पर दो पक्षों में विवाद हो गया। अभद्रता के बाद जमकर ईंट पत्थर चले। एक पक्ष ने नवजात की हत्या का आरोप लगाया। वहीं, दूसरा पक्ष अस्पताल में जन्म के बाद बच्ची की मौत हो जाने की बात कह रहा है।
गांव कल्यानपुर में शुक्रवार रात को दो पक्षों में विवाद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार शराब पीने के बाद दोनों ही पक्ष के लोग एक दूसरे से अभद्रता कर रहे थे। इस बीच ईंट पत्थर चलाए गए। इससे गांव में भगदड़ मच गई। लोग घायल होने से बचने के लिए घरों के अंदर चले गए। कुछ देर बाद एक पक्ष से लोग नवजात बच्ची को लेकर नगला दिलू स्थित 100 शैय्या अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। साथ आए लोगों ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों के हमले में बच्चे की मौत हो गई है। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इस बीच पड़ताल को पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहां दूसरे पक्ष के लोगों ने बताया कि आरोपित की पत्नी गर्भवती थी। उन्होंने छिबरामऊ से बाहर किसी अस्पताल में शुक्रवार सुबह बच्ची को जन्म दिया था। विवाद रात को हुआ। बच्ची की जन्म देने के बाद ही मौत हो गई थी। अस्पताल प्रशासन ने बच्ची के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। शनिवार दोपहर तक पोस्टमार्टम के लिए भेजने का इंतजार किया जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला मारपीट का है। बच्ची के जन्म व मृत्यु की पुष्टि संबंधित अस्पताल से की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।