भूमिगत केबल फटी, बंद रही मुख्यालय की आपूर्ति
जागरण संवाददाता कन्नौज मकरंदनगर स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र से मानपुर 33 केवी उपकेंद्र
जागरण संवाददाता, कन्नौज : मकरंदनगर स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र से मानपुर 33 केवी उपकेंद्र को जाने वाली भूमिगत केबल बर्स्ट हो गई, जिससे मुख्यालय आपूर्ति बंद हो गई। कर्मचारी और अधिकारी फाल्ट ढूंढ़ने में लगे रहे। देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई थी।
शनिवार को जीटी रोड के किनारे संग्रहालय के पास अंडरग्राउंड केबिल में अचानक फाल्ट आया और वह तेज धमाके के साथ फट गई। एसएसओ ने जानकारी अधिकारियों को दी। जेई दीपक कनौजिया के साथ टीम ने पेट्रोलिग की और फाल्ट को सही किया। इसके बाद ट्राई के दौरान फिर फाल्ट हो गया, जिसे ढूंढ़ने में देर रात तक कर्मचारी लगे रहे। इस दौरान कलेक्ट्रेट, तिर्वा रोड, कृष्णा नगर, नसिरापुर, अहमदपुर रौनी, मानपुर समेत सरायमीरा के कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। देर शाम कलेक्ट्रेट की बिजली अकबरपुर सरायघाघ से जोड़कर बहाल कर दी गई। अधिशासी अभियंता शादाब अहमद ने बताया कि फाल्ट को खोज लिया गया है। देर रात तक मानपुर उपकेंद्र को चालू कर दिया जाएगा। आधी रात के बाद मिली आपूर्ति
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ : रात 12 बजे से छिबरामऊ, गुरसहायगंज व सौरिख क्षेत्र को पहले की भांति आपूर्ति दी गई।
शुक्रवार को 220 केवी उपकेंद्र पर फाल्ट आने के बाद सीटी फट गई थी और ब्रेकर जल गए थे। ऐसे में फर्रुखाबाद व कन्नौज जिले की आपूर्ति कुछ देर बाधित रही थी। आग बुझने के बाद कर्मियों ने दोनों जिलों की आपूर्ति शुरू की। इसमें फर्रुखाबाद शुरू हो गया था लेकिन कन्नौज जिले के छिबरामऊ, गुरसहायगंज एवं सौरिख क्षेत्र प्रभावित हो गए थे। एसडीओ अमर सिंह ने बताया कि तालग्राम से ब्रेकर मंगाकर उसे लगाया गया है। टॉवर में लगी शार्ट-सर्किट से आग
संवाद सूत्र गुरसहायगंज : शनिवार की देर शाम नगर के पूर्वी क्रासिग के मोहल्ला गांधी नगर में एक प्राइवेट कंपनी के मोबाइल टॉवर के चेंबर में आग लग गई। तेज लपटों को देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वार्ड सभासद नफीस खां की सूचना के बाद भी जब दमकल नहीं पहुंची तो लोगों ने खुद आग बुझाने का प्रयास किया। आग से टॉवर की कई मशीनें जल गईं।आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।