किसान बिल के विरोध में जीटी रोड किया जाम
संवाद सूत्र गुरसहायगंज किसान बिल के विरोध में भाकियू ने जीटी रोड पर धरना प्रदर्शन किया।
संवाद सूत्र, गुरसहायगंज: किसान बिल के विरोध में भाकियू ने जीटी रोड पर धरना प्रदर्शन किया। इस बीच पुलिस से कार्यकर्ताओं की नोकझोंक हो गई। एसडीएम के समझाने पर कार्यकर्ता माने और उन्हें ज्ञापन सौंप बिल को हटाने की मांग की। करीब 20 मिनट तक जीटी रोड पर जाम लगा रहा।
शुक्रवार करीब 11:30 बजे भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष शमीम सिद्दीकी के नेतृत्व में कार्यकर्ता जीटी रोड पर पहुंच गए। यहां विरोध- प्रदर्शन करते हुए रोड पर बैठ गए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जाम की सूचना पर सीओ सदर शिव प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी जितेंद्र पाल सिंह, तालग्राम थाना प्रभारी सहित पुलिस फोर्स पहुंच गया। जाम खुलवाने को लेकर कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई। उप जिलाधिकारी देवेश कुमार गुप्ता ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन लेकर धरना प्रदर्शन को समाप्त कराया और किसानों की समस्याओं का निस्तारण करने का भी आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने पांच जून को लागू किए गए अध्यादेश को लेकर देश के किसान विरोध कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने आदेशों को एक देश एक बाजार के रूप में कृषि सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम बता रही है। जबकि देश का किसान कृषि क्षेत्र में एक कंपनी राज के रूप में देख रहे हैं। कुछ राज्य सरकारों ने इसको संघीय ढांचे का उल्लंघन मानते हुए इन्हें वापस लिए जाने की मांग की है। देश के अनेक हिस्सों में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता इसके विरोध में आवाज उठा रहे हैं। कहा कि दिल्ली जा रहे किसानों पर लाठीचार्ज हुआ। गिरफ्तारी का जमकर विरोध किया जाएगा। सरकार तत्काल किसानों को रिहा करें और पराली जलाने पर मुकदमा वापस ले। धरना प्रदर्शन में महिला जिलाध्यक्ष कुसुम चौहान, साजिद हुसैन, सुधाकर दुबे, महेंद्र सिंह, इरशाद हुसैन, सुरेश सिंह, अशोक बाथम, दिनेश दिवाकर, हरपाल सिंह आदि लोग रहे। बाद में बहुत मान-मनौव्वल के करीब आधा घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।