पांच साल से सूनसान घर में बंधक महिला को छुड़ाया
जागरण संवाददाता कन्नौज पांच साल से सूनसान घर में बंधक महिला गुरुवार को मुक्त करा ली गई।
जागरण संवाददाता, कन्नौज : पांच साल से सूनसान घर में बंधक महिला गुरुवार को मुक्त करा ली गई। एक अनजान व्यक्ति की सूचना पर आशा ज्योति केंद्र की टीम ने कार्रवाई की। महिला अपना मानसिक संतुलन खो चुकी है। वह कुछ भी नहीं बता सकी। आसपास के लोगों ने संपत्ति के लालच में महिला को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी तनुज त्रिपाठी ने बताया कि एक अनजान व्यक्ति का फोन आया था। उसने बताया कि सदर कोतवाली के पास पीछे एक मीनारा मस्जिद के पास एक घर में महिला पांच साल से बंधक है। इससे उसकी दिमागी हालत खराब हो गई है। गुरुवार को जब आशा ज्योति केंद्र की टीम मौके पर पहुंची तो सूचना सही निकली। टीम ने मकान के दरवाजे पर लगी कुंडी खोलकर 40 वर्षीय महिला का मुक्त करा लिया। जिला प्रोबेशन अधिकारी के मुताबिक महिला के माता-पिता की मौत हो चुकी है। शादी के कुछ दिन बाद ही वह मायके में आकर रहने लगी थी। ससुराल कहां है इसकी जानकारी नहीं हो सकी। माता-पिता की संपत्ति भी उसी के नाम है। आसपास के लोगों ने बताया कि परिवारीजन संपत्ति के लालच में उसे प्रताड़ित करते थे। पांच साल से उसे घर में बंद रखा गया था। वहीं पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार ने बताया कि दिमागी संतुलन ठीक न होने की वजह से महिला को बंद रखा गया था। सुबह शाम उसे खाना देते थे। तनुज त्रिपाठी के मुताबिक महिला की दिमागी हालत ठीक नहीं है। उसका मेडिकल कराया गया है। शुक्रवार को एसडीएम की स्वीकृति के बाद उसे आगरा स्थित मानसिक आयोग्यशाला भेजा जाएगा। महिला के बता पाने की स्थिति में ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।