खडि़नी केंद्र प्रभारी के खिलाफ एफआइआर व निलंबन के निर्देश
संवाद सूत्र चपुन्ना खडि़नी में संचालित पीसीएफ के केंद्र पर डीएम को अनियमितताएं मिली। केंद्र प्र
संवाद सूत्र, चपुन्ना: खडि़नी में संचालित पीसीएफ के केंद्र पर डीएम को अनियमितताएं मिली। केंद्र प्रभारी अनुज प्रताप सिंह की ओर से पंजिकाओं में खरीद का नियमित अंकन नहीं किया गया था। पूछे जाने पर गलत जानकारी देने को डीएम ने गंभीरता से लिया। उन्होंने केंद्र प्रभारी के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराए जाने एवं निलंबित किए जाने के लिए निर्देश दिए। साथ में चेतावनी भी दी कि लापरवाह कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
शुक्रवार को डीएम राकेश कुमार मिश्रा, सीडीओ आरएन सिंह व डिप्टी आरएम समरेन्द्र प्रसाद खडि़नी क्षेत्र में पहुंचे। पीसीएफ से किसान सेवा सहकारी समित खडिनी परिसर में संचालित धान खरीद केंद्र पर किसान न देख भड़क गए। वही शासन की गाइडलाइन के अनुसार खरीद न पाकर केन्द्र प्रभारी फटकार लगाई। इसके बाद खडि़नी मे ही चल रहे भारतीय खाद्य निगम केन्द्र पर पहुँचे। इसका बैनर कही और लगा था, खरीद कही और होती मिली। केन्द्र प्रभारी नीलेश कुमार को चेतावनी देते हुए फटकार लगाई। सुधर जाने की हिदायत भी दी। विपणन शाखा पर धान की तौल हो रही थी। धीमी खरीद के चलते नाराजगी जताई। खरीद मे तेजी लाने को कहा। एक माह से अधिक समय में मंशा के अनुरूप खरीद न होने पर नाराजगी भी जताई। डीएम के सख्त रुख से हड़कंप मच गया।
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ के अनुसार डीएम के केंद्र पहुंचने को लेकर निगम मंडी परिसर में हड़कंप मचा रहा। हालांकि एसडीएम देवेश कुमार गुप्त विपणन शाखा के धान खरीद केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने खरीद केंद्र की स्थिति देखी। किसानों से जानकारी की। इसके बाद उन्होंने अन्य केंद्र का भी निरीक्षण किया।