एक्सप्रेस-वे पर 'फर्राटा' भरा तो देना होगा जुर्माना
संवाद सहयोगी, ठठिया (कन्नौज) : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर निर्धारित गति से तेज 'फर्राटा' भरा तो
संवाद सहयोगी, ठठिया (कन्नौज) : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर निर्धारित गति से तेज 'फर्राटा' भरा तो आपको जुर्माना देना होगा। नए साल से ये व्यवस्था लागू हो जाएगी। 75 किलोमीटर से अधिक गति होने पर ऑटो चालान कटेगा जो अगले टोल प्लाजा पर थमा दिया जाएगा। जुर्माना वसूल किए जाने के बाद ही कार आगे बढ़ सकेगी।
सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआरआइ) की टीम ने बुधवार को जिले में डेथ प्वाइंट का सर्वे किया। टीम ने जिले के तालग्राम से ठठिया तक पांच दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र पर खड़े होकर स्पीड गन से वाहनों की गति मापी। प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज ने बताया कि आगरा से लखनऊ तक पूरा एक्सप्रेस-वे सीसीटीवी की निगरानी में होगा। इसमें स्पीड ट्रेकर डिवाइस लगाई जाएगी।
सर्दियों के बाद बदलेगी व्यवस्था
सीआरआरआइ टीम की मानें तो निर्धारित गति 75 किमी प्रति घंटा की व्यवस्था सिर्फ सर्दियों तक रहेगी। सामान्य दिनों में एक्सप्रेस-वे पर गति सीमा 100 किमी प्रति घंटा निर्धारित है। मार्च के बाद व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा।
जुर्माने की रकम तय नहीं
जुर्माने की रकम उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वेज इंडस्ट्रियल डेवलेपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) तय करेगा। इसके लिए गति के अनुसार जुर्माना निर्धारित किया जाएगा।
ये हैं डेथ प्वाइंट
एक्सप्रेस-वे पर अब तक जहां भीषण हादसे हुए हैं उन जगहों को डेथ प्वाइंट घोषित किया गया है।
1.तालग्राम के मछरेया गांव के सामने
2. तिर्वा के लोहामढ़ गांव के सामने
3. ठठिया के कड़ेरा गांव के सामने
4. मंडी कट के पास और इनायतपुर गांव के सामने
एक्सप्रेस-वे पर जहां घुमाव है, वहीं सबसे अधिक हादसे हुए हैं। सर्वे कर यूपीडा को रिपोर्ट भेजी गई है। फिलहाल सर्दियों तक के लिए निर्धारित गति 75 किमी प्रति घंटा रखी गई है।
- राजन वर्मा, टेक्निकल आर्किटेक्ट सीआरआरआइ