रहम की भीख मांगती रही बालिका नहीं पसीजा दिल
सात वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या में पकड़ा गया आरोपित देवेंद्र कश्यप शातिर निकाला। पुलिस को बताई सच्चाई के अनुसार उसने घटना वाले दिन बालिका को लालच देकर उसका भरोसा जीत लिया और शाम होने का इंतजार करने लगा।
जागरण संवाददाता, कन्नौज : सात वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या में पकड़ा गया आरोपित देवेंद्र कश्यप शातिर निकाला। पुलिस के अनुसार उसने घटना वाले दिन बालिका को लालच देकर उसका भरोसा जीत लिया और शाम होने का इंतजार करने लगा। आरोपित बालिका पर बराबर नजर बनाए रहा। बालिका शाम को गांव के बाहर बने मंदिर में अन्य बच्चों के साथ खेलने निकली तो उसे मौका मिल गया। वह बालिका को सुनसान इलाके में ले गया। गलत मंशा जान वह जोर-जोर रोने लगी। साथ ही घर जाने की जिद करने लगी। इसके बाद भी आरोपित देवेंद्र का दिल नहीं पसीजा। मंदिर में बज रहे डीजे के शोर में उसकी चीखें दब गई। दुष्कर्म के बाद कार्रवाई से बचने को उसकी हत्या कर दी। पुलिस को भ्रमित करने के लिए तालाब किनारे शाल व चप्पल डाल दी। बाद में शव को करीब 1.5 किमी दूर काली नदी में फेंक आया। पुलिस का ध्यान भटकाने को करता खोजबीन
शुक्रवार को एसपी ने अमरौली में दुष्कर्म के बाद बालिका की हत्या का अनावरण किया। बताया आरोपित देवेंद्र घटना के बाद गांव आया। इस दौरान ग्रामीणों से बातचीत की। देर रात बालिका के लापता होने पर जब खोजबीन शुरू हुई तो आरोपित भी साथ रहा। दूसरे दिन पुलिस के पहुंचने पर भी उसने अन्य ग्रामीणों की तरह मदद की। इससे उस पर कोई शक न करें। बच्चों ने खोली पोल
पुलिस को बालिका के मंदिर से लापता होने की सूचना मिली थी। मंदिर में बालिका के साथ खेल रहे बच्चों से जब पुलिस ने एक-एक करके पूछताछ की। इसमें कुछ बच्चों ने बालिका के देवेंद्र के साथ जाने की बात कही। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया तो बहानेबाजी करने लगा। कड़ाई से पूछताछ में हकीकत कबूल दी। एसपी ने घटना के जल्द पर्दाफाश पर सदर कोतवाली पुलिस टीम की सराहना की।