रामनवमी पर भक्तों ने कराया कन्या भोज
जागरण संवाददाता कन्नौज जगत जननी मां भगवती की आराधना के विशिष्ट पर्व चैत्र मास के वासंतिक न
जागरण संवाददाता, कन्नौज : जगत जननी मां भगवती की आराधना के विशिष्ट पर्व चैत्र मास के वासंतिक नवरात्र की नवमी पर भक्ति और श्रद्धा चरम पर रही। श्रद्धालुओं ने नवमी पर हवन-पूजन के साथ कन्याभोज कराया। श्रद्धालुओं ने मां के नौवें स्वरूप सिद्धदात्री का विशेष पूजन किया। साथ ही भक्तों ने शारीरिक दूरी व मास्क पहनकर देवी की आराधना की।
बुधवार को फूलमती देवी मंदिर, सिंहवाहिनी मंदिर, क्षेमकली देवी मंदिर, मां शीतला देवी मंदिर, गोवर्धनी देवी मंदिर समेत कई मंदिरों में हवन पूजन किया गया। घरों से उड़ने वाला हवन का सुगंधित धुआं और मंदिरों में बजने वाले घंटों की मधुर ध्वनि शहर में धार्मिक माहौल को और भी मजबूत कर रही थी। लोगों ने देवी के नौवें स्वरूप मां सिद्धदात्री का विशेष पूजन किया। श्रद्धालुओं ने देवी के स्वरूप में आई कन्याओं को भोजन कराकर उन्हें दान-दक्षिणा देकर विदाई की। कन्या भोज के बाद अधिकांश उपासकों ने व्रत पारायण किया। कन्याभोज खाने के लिए कन्याओं में भी उत्साह दिखाई दे रहा था। तमाम कन्याएं रंग-बिरंगी पोशाक पहने तैयार हो गई थीं। कुछ कन्याओं ने तो देवी के रुप महागौरी का रूप धर कर आई। घरों के अलावा कुछ मंदिरों में विशाल कन्याभोज का आयोजन किया गया था। वहीं गुरसहायगंज संवाद सूत्र के अनुसार मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मास्क पहनकर व सामाजिक दूरी का पालन करते हुए लोगों ने पूजा अर्चना की। हालांकि इस बार मंदिरों में कम लोग ही पूजा अर्चना के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर नौ दिनों तक मां भगवती की उपासना की और घरों में हवन पूजन कर कन्या भोज कराया। जबकि कई श्रद्धालुओं ने कोरोना संक्रमण के कारण फल, वस्त्र व मुद्रा आदि दान कर अनुष्ठान को पूर्ण किया। हर वर्ष होने वाला प्रसाद वितरण का आयोजन भी इस बार नहीं हुआ।