गणेश महोत्सव में सिपाही को पीट-पीटकर किया मरणासन्न
विशुनगढ़ में गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है। शनिवार रात बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे थे और एक युवक पत्थर लेकर आया। सिपाही ने उसे डांट कर भगा दिया।
कन्नौज (जेएनएन) : गणेश महोत्सव में पत्थर लेकर पहुंचे युवक को डांट कर भगा देना सिपाही को महंगा पड़ गया। युवक ने सिपाही पर डंडे से हमला कर मरणासन्न कर दिया। लोग उसे पकडऩे को दौड़े तो वह भाग गया। घायल सिपाही को गंभीर हालत में तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना विशुनगढ़ कस्बे में गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है। यहां पर प्रतिदिन रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। शनिवार रात को भी बच्चे गणेश प्रतिमा के सामने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे थे। इसी बीच कस्बे का नागेंद्र कुमार उर्फ पिंटू हाथों में पत्थर लेकर आया। ड्यूटी कर रहे सिपाही सुनील कुमार की निगाह उस पर पड़ी तो उसे डांट कर वहां से भगा दिया। इसके बाद युवक दोबारा डंडा लेकर आया और अचानक सिपाही पर पीछे से हमला कर दिया। सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे सिपाही बेहोश होकर गिर पड़ा।
इसके बाद भी युवक नहीं रुका, तीन-चार वार सिपाही के चेहरे पर भी किए। यह देख कर पंडाल में अफरा तफरी मच गई। लोगों ने उसे पकडऩे का प्रयास किया लेकिन वह भाग गया। सिपाही पर हमले की सूचना पाकर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच गए। घायल को अस्पताल पहुंचाया, वहां से गंभीर हालत में तिर्वा रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर युवक के खिलाफ ड्यूटी के दौरान हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपित की तलाश कराई जा रही है।