शीतलहर थमी, गलन और ठिठुरन ने किया बेहाल
जागरण संवाददाता, कन्नौज: नए साल की शुरुआत से ही चल रही शीतलहर ने लोगों का जीना हराम क
जागरण संवाददाता, कन्नौज: नए साल की शुरुआत से ही चल रही शीतलहर ने लोगों का जीना हराम कर दिया था। पश्चिमी विक्षोभ के कारण शीतलहर के कारण दिन में बाहर निकला दुश्वार हो गया था। अब पहाड़ों पर बर्फबारी कम होने से शीतलहर का प्रकोप थम गया है लेकिन गलन और ठिठुरन होने से सर्दी में कोई कमी नहीं आई। रात में पारा दो डिग्री और गिर गया, जिससे ठंड बढ़ गई।
शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से चार डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। हवा का वेग 0.9 किमी प्रतिघंटा रहा, जिससे सर्द हवाओं पर लगाम लग गई। सुबह के समय पाला गिरने से चारों ओर बर्फ की सफेद चादर सी बिछी हुई थी, जिससे फसलों में नुकसान होने की संभावना प्रबल हो गई। मौसम विभाग के अनुसार पहली बार इस मौसम में पूर्वी हवा चलने से शीतलहर में कमी आई है। इससे पाला गिरेगा, जिससे आलू, सरसों व चना समेत कई फसलों में नुकसान हो रहा है। कोहरा कम पड़ने से गेहूं की फसल भी बढ़ नहीं रही है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. विजय द्विवेदी ने बताया कि इस सप्ताह हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे और कोहरा भी हल्का ही रहेगा। यदि बर्फबारी शुरू हो गई तो फिर शीतलहर लौट सकती है।