पति की दूसरी शादी रुकवाने को भटक रही विवाहिता
महिला को पति के दूसरी शादी करने की जानकारी हुई तो वह छिबरामऊ पहुंच गई। महिला संगठनों से मदद की गुहार लगाई और पति की 19 अप्रैल को होने वाली शादी रुकवाए जाने की फरियाद पुलिस से भी की।
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ: महिला को पति के दूसरी शादी करने की जानकारी हुई तो वह छिबरामऊ पहुंच गई। महिला संगठनों से मदद की गुहार लगाई और पति की 19 अप्रैल को होने वाली शादी रुकवाए जाने की फरियाद पुलिस से भी की।
मंगलवार को एक महिला नगर में महिला संगठनों के पदाधिकारियों के पास पहुंची। उसने बताया कि विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। गांव के ही एक युवक के साथ चार अप्रैल 2015 को कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद वह दोनों कानपुर के कल्यानपुर में किराए पर कमरा लेकर रहने लगे। 14 जनवरी 2019 को उसने एक बेटी को जन्म दिया। इस बीच उसे पति की दूसरी शादी ससुरालीजनों के सकरावा क्षेत्र से तय करने की जानकारी हुई। पूछने पर पति ने इंकार कर दिया। कुछ समय पहले पति किसी काम से आने की बात कहकर वहां से चला आया। इसके बाद वापस नहीं पहुंचा। उसका एक मकान छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में भी बना है। वह कई दिनों से कोतवाली पुलिस के चक्कर लगा रही है। उसने 19 अप्रैल को होने वाली पति की दूसरी शादी रुकवाए जाने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने बताया कि महिला कोतवाली आई थी। पति की दूसरी शादी की बात कह रही है लेकिन तहरीर नहीं दी। तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेंगे।