महिला बीएलओ को बनाया पीठासीन अधिकारी
लोकसभा चुनाव में महिला समेत दो शिक्षामित्रों की ड्यूटी लगा दी गई। इसमें महिला शिक्षामित्र को पीठासीन अधिकारी जबकि दूसरे शिक्षामित्र को मतदान अधिकारी द्वितीय बनाया गया।
जागरण संवाददाता, कन्नौज: लोकसभा चुनाव में महिला समेत दो शिक्षामित्रों की मतदान में ड्यूटी लगा दी गई। इसमें महिला शिक्षामित्र को पीठासीन अधिकारी बनाया गया, जबकि दूसरे शिक्षामित्र को मतदान अधिकारी द्वितीय की जिम्मेदारी दी गई। इससे पहले दोनों शिक्षा मित्र बीएलओ का काम कर रहे थे। शिकायत के बाद सीडीओ ने इनकी ड्यूटी काटने के आदेश दिए हैं।
तिर्वा तहसील क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय फूलपुर द्वितीय में अनीता देवी शिक्षमित्र पद पर कार्यरत है। वर्तमान में उनकी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पद पर ड्यूटी लगी है। इसके अलावा लोकसभा चुनाव में अनीता देवी की ड्यूटी पीठासीन अधिकारी के रूप में लगा दी गई। इसमें उन्हें छिबरामऊ विधानसभा में पार्टी संख्या 231 की जिम्मेदारी सौंपी। शिक्षामित्र ने डबल ड्यूटी लगने की शिकायत मुख्य विकास अधिकारी से की। इसी तरह ब्लाक जलालाबाद के प्राथमिक विद्यालय तेरारागी में कार्यरत शिक्षामित्र राम निवास की बूथ नंबर 66 में बीएलओ पद ड्यूटी है। वहीं, लोकसभा चुनाव में उन्हें मतदान अधिकारी द्वितीय बना दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी एसके सिंह ने शिक्षामित्रों की ड्यूटी चुनाव से काटकर दूसरे कर्मचारियों को लगाने के आदेश अधीनस्थ अफसरों को दिए।