पहले हो चुकी फिर करा लें सीबीआइ जांच : अखिलेश
जागरण संवाददाता, कन्नौज : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कह
जागरण संवाददाता, कन्नौज : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कहना है कि सीबीआइ जांच के लिए तैयार हैं। पूर्व में नेता जी (मुलायम सिंह यादव), उनकी और ¨डपल यादव की सीबीआइ जांच हो चुकी है। उस वक्त कांग्रेस ने कराई थी, अब वर्तमान सरकार भी करा ले। वह इत्र नगरी के उमर्दा ब्लाक के गांव चंदुआहार फकीरेपुरवा में ई-चौपाल में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान ट्विटर यूजर्स के सवालों के जवाब भी उन्होंने दिए। उनके साथ ट्विटर इंडिया के ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट कॉलिन क्रॉवेल भी थे।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर जांच होती रहनी चाहिए ताकि कागज मजबूत होते जाएं। चुनाव से पहले या बाद में जब भी जांच हो, हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा का गठबंधन तय है। कल (शनिवार) को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस है। गठबंधन करना तो हमने भाजपा से सीखा है। भाजपा में 40 से अधिक दल हैं। वह बात अलग है कि अब धीरे-धीरे सहयोगी उसका साथ छोड़ रहे हैं। सपा-बसपा मिलकर लोकसभा चुनाव में परचम फहराएंगे। पिछले साल लोकसभा उपचुनाव में हम साथ आए तो प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य की सीट पर भाजपा चुनाव हार गई।
बताएंगे तो चोरी हो जाएगा बेरोजगारी दूर करने का फार्मूला
ट्विटर यूजर प्रमोदय ने उनसे सवाल किया कि देश में बेरोजगारी की समस्या का निराकरण कैसे हो तो उन्होंने कहा कि बेरोजगारी विकास करने से दूर होगी, हमें अस्पताल, सड़कें और उद्योग धंधे लगाने होंगे। कुछ दिनों पहले लखनऊ में बिजनेस मीट हुई, मगर आज तक धरातल पर कुछ नहीं दिखा। कहा, हमने पुलिस भर्ती आसान कर दी थी, मगर इस सरकार में डीएम-एसपी गाय पकड़ रहे हैं। उनकी सरकार रोजगार कैसे बढ़ाएगी, इस पर उन्होंने कहा, वह सुझाव अभी नहीं देंगे, भाजपा वाले चोरी कर लेंगे। ट्विटर यूजर हार्दिक ने पूछा, आपने लैपटॉप बांटने वाला वादा पूरा किया, लेकिन भाजपा ने नहीं, इस पर जवाब दिया कि सभी जानते हैं भाजपा झूठ बोलने और जुमला देने में नंबर वन है।
शिष्टाचार का स्तर भाजपा ने नीचे गिराया
ट्विटर यूजर तरुण दत्त ने राजनीति में जुबानी जंग में स्तर क्यों गिर रहा है, आज कोई नेता आदर्श क्यों नहीं बन पा रहा पूछा तो अखिलेश ने कहा, समाजवादी लोग शिष्टाचारी हैं। नेता या पार्टी की भाषा, व्यवहार जनता तय करती है, वही नेता चुनती है। राजनीति में शिष्टाचार के स्तर को नीचे गिराया भाजपा ने। डर के कारण गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा, क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन करके ही भाजपा इतनी मजबूत हुई है। अब हम भी गठबंधन कर ताकत बढ़ा रहे हैं। हम प्रचार में कमजोर थे, जनता को नहीं बता पाए। हम मजबूत हुए हैं। मंच पर उनके साथ कन्नौज की सांसद ¨डपल यादव तथा पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र भी थे।
......
(इनसेट) बीजेपी का धोखा बोलता है
एक ट्विटर यूजर ने सवाल किया कि पिछले चुनाव में आपका नारा था, 'काम बोलता है', इस बार क्या नारा होगा? इस पर अखिलेश बोले, इस बार नया नारा, बीजेपी का धोखा बोलता है..होगा।
..