आंधी में कन्नौज में पेड़ की डाल गिरने से दूल्हे के भाई की मौत, आठ घायल
कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम तरींद में रात मिंटू अली की बेटी रुकसाना बानो का निकाह था। बरात ग्राम औंछा, थाना औंछा, मैनपुरी से पहुंची। स्वागत करने के लिए बराती जुट गए।
कन्नौज (जेएनएन)। इत्रनगरी कन्नौज में कल देर रात आंधी के दौरान एक पेड़ की डाल गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक बरात में दूल्हे के भाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गए। इस घटना के कारण बरात लौट गई और विवाह नहीं हो सका।
कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम तरींद में कल रात मिंटू अली की बेटी रुकसाना बानो का निकाह था। इसके लिए बरात ग्राम औंछा, थाना औंछा, मैनपुरी से पहुंची। स्वागत करने के लिए बराती जुट गए। इसके कुछ देर बाद अचानक तेज अंधड़ में साथ बारिश होने लगी। इससे टेंट के पास खड़े करीब पांच दशक पुराने नीम के पेड़ की डाल फट कर गिर पड़ी।
उसकी चपेट में आए दूल्हे के भाई मोनिस (15) पुत्र पप्पू अली की दब कर मौत हो गई। इसमें आठ लोग घायल हो गए, जिनमें चार गंभीर हैं। घायलों में यूनिस पुत्र मकरंद निवासी तरींद, टेंट मालिक यूनुस पुत्र सैय्यद अली निवासी मुर्रा, मालिक फिरोज, अफजल अली, सैयद अली, वकार अली, वहीद अली निवासी ओछा को सैफई, इटावा स्थित मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। इसके बाद तड़के बरात वापस चली गई। निकाह की रस्में पूरी न होने से मायके पक्ष में चीख पुकार मच गई। दहेज का सामान व खाना रखा रहा। खुशियों वाले घर में मातम का माहौल बन गया।