गजब: अफसरों को नहीं दिखाई दिया पॉलीथिन का ढेर!
जागरण संवाददाता, कन्नौज: केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम के लिए बोर्डिंग मैदान का निरीक्षण करने
जागरण संवाददाता, कन्नौज: केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम के लिए बोर्डिंग मैदान का निरीक्षण करने पहुंचे अफसरों को मैदान में पड़ी पॉलीथिन नहीं दिखाई दी। परिसर चारों तरफ प्लास्टिक की पन्नी पड़ी थी, जिससे मैदान की सूरत ही बदल गई थी। पालीथीन के प्रति जहां एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट गंभीर है, वहीं अफसरों का रवैया उदासीन है। प्रतिबंध के बाद भी शहर में धड़ल्ले से पॉलीथीन बेची जा रही है और अभी तक किसी पर कार्रवाई नहीं हुई है।
शनिवार को केके बोर्डिंग मैदान पर केंद्रीय मंत्री उमा भारती के कार्यक्रम के लिए जिलाधिकारी रवींद्र कुमार के साथ जिले के सभी आला अफसर निरीक्षण करने गए थे। मैदान पर चारो ओर पॉलीथिन पड़ी थी, जिस पर अफसरों की नजर नहीं पड़ी। अधिकारी मंच से लेकर शामियाना लगाने पर मंथन करते रहे और इसके बाद मैदान को फाइनल करने के बाद चले गए। बोर्डिंग मैदान पर दीपावली को आतिशबाजी बाजार लगा था, इस वजह से पॉलीथिन के ढेर लगे थे। पूरा मैदान प्लास्टिक की रंग-बिरंगी पन्नियों से पटा पड़ा था। हालांकि कार्यक्रम से पहले नगर पालिका मैदान की सफाई करवाएगी लेकिन यहां गौर करने वाली बात यह है कि प्रतिबंध के बाद भी शहर में पॉलीथिन की बिक्री कम होने का नाम नहीं ले रही है। पिछले दो अक्टूबर से सरकार ने इसे सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर इसे पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। अभी तक शहर में प्रशासन की कार्रवाई सिफर ही रही।
------