ठंड से हाल बेहाल, स्कूल बंद
अमरोहा। कोहरे से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बुधवार को दिन भर कोहरा रहा। लोग ठंड में सिकुड़ते रहे। जिलाधिकारी भवनाथ सिंह ने ठंड के प्रकोप को देखते हुए सभी शिक्षा बोर्डो के आठवीं तक स्कूलों में 11 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है।
कोहरे का आलम यह है कि सुबह से ही अंधेरा सा था। दोपहर में भी कोहरे की पीछे ही हल्का सा सूरज कुछ देर के लिए चमका और गुम हो गया। दोपहर बाद से फिर कोहरा छा गया। सड़कों पर वाहनों को दिन में ही लाइटें जलानी पड़ीं। ठंड के कारण आम जन जीवन भी प्रभावित रहा। लोग तापते रहे या घने गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। चूंकि सरकारी कार्यालय व स्कूल खुले थे, इसलिए लोगों को घर से निकलना भी पड़ा।
सुबह स्कूलों के लिए बच्चे ठिठुरते हुए गए। डीएम ने स्कूलों का अवकाश घोषित कर दिया।
कारोबार करने वाले भी ठंड से कांपते रहे। हालांकि ग्रामीण इलाकों के कम ही लोग बाजार को खरीददारी करने निकले। ठंड से सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को ही रही है, क्योंकि ऐसी ठंड में खेत काम करना मुश्किल हो रहा है। वहीं उनके पशु भी परेशान हो रहे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर