बुग्गी के नीचे दबकर किसान की मौत
अमरोहा। खेत से लौट रहे एक किसान का भैंसा बिदकने से बुग्गी पलट गई। जिसके नीचे दबने से किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद से किसान के परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने मृतक का शव पीएम के लिए भेजा है।
थाना आदमपुर के गांव बिरामपुर निवासी मान सिंह (50) रविवार की दोपहर अपने खेत पर गेहूं की फसल को खाद देने के लिए गया था। खाद देने के बाद वह अकेला ही भैंसा बुग्गी लेकर खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में भैंसा बिदक गया। तेज गति से दौड़ते हुए भैंसा सड़क किनारे गढ्डे में जा गिरा। इस दौरान अनियंत्रित बुग्गी भी पलट गई। जिसके नीचे किसान दब गया। उसने बचाव के लिए शोर भी मचाया किन्तु ग्रामीण जब तक पहुंचे। उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी विशम्वरी देवी व छह बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर हादसे की सूचना पर आदमपुर थाना पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों की राय के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खबर लिखे जाने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं हुआ था। मृतक के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ था। लोग दुख की घड़ी में परिजनों को हिम्मत बंधाने का प्रयास कर रहे थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर