हत्यारोपियों को गिरफ्तार करो, नहीं तो करेंगे चक्का जाम
अमरोहा। मुरादाबाद में हुई छात्रनेता दीपक चौहान की हत्या के विरोध में अखिल विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता लामबंद हो गए हैं। शनिवार को उन्होंने जेएस कालेज में प्रदर्शन कर छात्रनेता के हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो चक्का जाम कर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला जायेगा। वहीं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञान उप जिलाधिकारी को भी सौंपा।
शनिवार को परिषद की जिला इकाई के बैनर तले कार्यकर्ता नगर स्थित इस कालेज में एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए पूर्व छात्रसंघ महामंत्री सुधांशु विश्नोई ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रही है। सपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। संगठन जिला संयोजक नरेंद्र धारीवाल ने कहा कि यदि जल्द हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। संगठन प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य पुष्पेंद्र चौहान ने कहा कि जब एक छात्रनेता की हत्या की जा सकती है तो एक आम छात्र का क्या होगा। प्रदेश में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। रोकथाम के नाम पर कार्रवाई सिफर नजर आ रही है।
प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र सिंह जाटव, कर्मवीर सिंह, विकास चौहान, शुभम यादव, राकेश कुमार, कावेंद्र सिंह, मनोज कश्यप, संदीप सिंह, देवेंद्र सैनी आदि शामिल थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर