देश की आंतरिक सुरक्षा की हालत गंभीर, सैनिकों के पास पूरे हथियार नहीं : ज्योतिरादित्य सिंधिया
कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा की इतनी गंभीर कभी नहीं रही। जवानों के साथ सरकार अन्याय कर रही है। सैनिकों के पास पूरे हथियार नहीं हैं।
झांसी, जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश प्रभारी एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा की इतनी गंभीर कभी नहीं रही। जवानों के साथ सरकार अन्याय कर रही है। सैनिकों के पास पूरे हथियार नहीं हैं। देश पर जान न्योछावर करने वाले जवानों को शहीद का दर्जा तक नहीं दिया जा रहा है। संसदीय क्षेत्र में जाने से पहले सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की। इसी दौरान पत्रकारों से बात करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में देश में लोकतांत्रिक सरकार बनेगी और 2022 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाएगी। कहा कि पूरी मजबूती से कांग्र्रेस उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी। कहा कि इस समय केंद्र में जनता, किसान व नौजवान विरोधी सरकार है।
पार्टी महासचिव ने कहा कि जिन लोगों ने देश पर जीवन बलिदान कर दिया, केंद्र सरकार उनको शहीद का दर्जा नहीं दे रही है। जनरल फिलिप कॉम्पो$ज की रिपोर्ट पर अमल नहीं हो रहा है। उरी, पठानकोट, पाम्पोर व पुलवामा की घटनाओं में सुरक्षा संबंधी जो खामियां उभरी, उन पर दुरुस्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आतंकी हमले की सूचना प्रधानमंत्री को देर से मिलने पर भी सवाल उठाए। प्रदेश के गठबंधन में शामिल होने के सवार पर कहा कि यह सवाल उनसे (सपा-बसपा) पूछिए। पूर्व मंत्री प्रदीप जैैन आदित्य, पूर्व विधायक बृजेन्द्र कुमार व्यास, जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर तिवारी, राहुल रिछारिया व जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस नीता अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
राहुल तक पहुंचाएंगे बुंदेलखंड राज्य की मांग
कांग्रेस महासचिव ने सर्किट हाउस में बुंदेलखंड राज्य समर्थक संगठनों से बात करते हुए कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तक राज्य निर्माण की बात पहुंचाएंगे और इसे चुनाव घोषणा पत्र में भी शामिल कराएंगे। इस दौरान भानुसहाय और डॉ. बाबूलाल तिवारी ने कहा कि बुंदेलखंड विकास निगम और बुंदेलखंड विकास पैकेज आदि से इस अंचल का कोई भला नहीं होने वाला, इसके लिए राज्य निर्माण जरूरी है।
इंतजार के बाद भी नहीं कह पाए अपनी बात
पार्टी कार्यकर्ताओं ने ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात के लिए घंटेभर इंतजार किया। लेकिन वह अपनी बात नहीं कह सके। दरअसल, शताब्दी एक्सप्रेस से उतरने के बाद कांग्र्रेस महासचिव स्टेशन से सीधे सर्किट हाउस पहुंचे और आरक्षित कक्ष में चले गए। लगभग 12.15 बजे अपने कक्ष से बाहर आए और कार्यकर्ताओं से मिलने जाने लगे, तभी बुंदेलखंड राज्य समर्थकों की नारेबाजी सुनकर रुक गए। बाद में वह जल्दी में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर अपने संसदीय क्षेत्र गुना रवाना हो गए।
मीडिया को भी कराया इंतजार
मीडिया भी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव का इंतजार करता रहा। लेकिन बार-बार सूचना देने के बाद भी वह नहीं मिले। बाद में जाते समय कार्यकर्ताओं के बीच किसी प्रकार संक्षिप्त बात हो सकी।