विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज कोर्ट में बयान के बाद सोमवार देर रात झांसी लौटा अतीक अहमद का बेटा अली, बोला- सफर था लम्बा

Published: Tue, 22 Sep 2026 01:22 AM (IST)

Atiq Ahmad Son: अली अहमद को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रिजन वैन से प्रयागराज ले जाया गया।

कड़ी सुरक्षा के बीच प्रिजन वैन में अली अहमद

कड़ी सुरक्षा के बीच प्रिजन वैन में अली अहमद

HighLights

  1. कड़ी सुरक्षा में झांसी जेल लाया गया माफिया अतीक अहमद का बेटा अली अहमद

  2. प्रयागराज में अली अहमद की पेशी को लेकर हाईवे पर मुस्तैद रही पुलिस

जागरण संवाददाता, झांसी। माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को सोमवार रात लगभग 11.15 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वापस झांसी जिला जेल लाया गया।

प्रयागराज कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए अली अहमद को सुबह झांसी जेल से पुलिस सुरक्षा में अली अहमद को प्रयागराज के लिए रवाना किया गया था। कोर्ट की कार्यवाही पूरी होने के बाद पुलिस टीम उसे लेकर देर रात वापस झांसी पहुंची। यहां अली अहमद को जेल में दाखिल किया गया।

अली अहमद के झांसी जेल वापस पहुंचने के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। जेल के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस वाहन के जेल परिसर में पहुंचते ही सुरक्षा घेरे में अली अहमद को जेल के प्रवेश कराया गया। जेल के गेट पर मौजूद पत्रकारों ने अली से सवाल किया कि क्या वह सरकार से कुछ कहना चाहेंगे। इस पर अली अहमद ने संक्षिप्त जवाब दिया कि ‘सफर लम्बा था, कुछ नहीं कहना चाहते। इसके बाद अली अहमद पुलिस सुरक्षा के बीच जेल के अंदर चला गया।

2027 में परिवार से कौन चुनाव कौन लड़ेगा

पत्रकारों ने अली से एक और सवाल किया कि 2027 में परिवार से कौन चुनाव लड़ेगा। यह सवाल सुनकर अली खामोश हो गया। और इसके बाद पुलिस कर्मियों ने वाहन को अंदर से ढक दिया।

संदिग्ध लग्जरी वाहनों पर भी रही नजर

प्रयागराज की कोर्ट में पेशी के लिए झांसी जेल से ले जाए गए माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को लेकर सोमवार को जिला पुलिस अलर्ट रही। अली अहमद को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रिजन वैन से प्रयागराज ले जाया गया। प्रिजन वैन के झांसी-कानपुर हाईवे से गुजरने के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई थी।

अली अहमद की पेशी के दौरान उसके साथ समर्थकों के आने की आशंका को देखते हुए पुलिस की नजर हाईवे से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों पर रही। खासतौर पर लग्जरी वाहनों की निगरानी की गई। पुलिसकर्मी प्रमुख स्थानों और हाईवे के आसपास मुस्तैद रहे। अली अहमद को झांसी जेल से रवाना करने के दौरान सुरक्षा टीम साथ रही। प्रयागराज तक के रूट पर सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों ने सतर्कता बरती गई थी।

वापसी के दौरान भी रही सतर्कता

प्रयागराज कोर्ट में बयान की कार्यवाही पूरी होने के बाद अली अहमद को कड़ी सुरक्षा के बीच वापस झांसी लाया गया। वापसी के दौरान भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।