विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुरी स्टार निरहुआ ने एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे संग रिश्ते पर तोड़ी चुप्पी, बेबाकी से दिया ये जवाब

Published: Thu, 08 Oct 2026 08:17 PM (IST)

भाजपा नेता और भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे से अपने रिश्ते को सिर्फ पर्दे तक ...और पढ़ें

पत्रकारों से बात करते भोजपुरी फिल्म स्टार निरहुआ।

पत्रकारों से बात करते भोजपुरी फिल्म स्टार निरहुआ।

HighLights

  1. निरहुआ ने आम्रपाली दुबे संग रिश्ते को पेशेवर बताया।

  2. अखिलेश यादव पर हमला बोला, योगी सरकार की तारीफ की।

  3. भोजपुरी गीतों में अश्लीलता पर भी अपनी राय रखी।

जागरण संवाददाता, झांसी। भाजपा नेता, पूर्व सांसद व भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे से रिश्ते पर सफाई देते कहा कि उनके और आम्रपाली के बीच पर्दे तक का ही सम्बन्ध है, वैसा नहीं है जैसा लोग सोचते हैं। यह सही है कि हमारी जोड़ी की कई फिल्में हिट हुई हैं। लोग पर्दे पर देखते हैं तो सोचते हैं कि निजी जिन्दगी में भी वैसा ही होगा, लेकिन ऐसा नहीं है। हम अच्छे दोस्त और प्रफेशनल कलाकार हैं।

गुरुवार को झांसी पहुंचे निरहुआ शुक्रवार को मोंठ में आयोजित दंगल में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इससे पहले एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने फिल्मी और राजनीति पर किए गए सवालों पर बेबाकी से जवाब दिए।

भोजपुरी गीतों में अश्लीलता के सवाल पर निरहुआ ने कहा कि बदलते समय के साथ क्षेत्रीय भाषाओं के गीतों में भी बदलाव आ रहा है। पारम्परिक गीतों का महत्व आज भी है और वही लम्बे समय तक चलते हैं। जनता का स्नेह मिल रहा है। आज बुन्देली गीत 'हनुमान अंश' में पूरी दुनिया में धूम मचा रहे हैं। मसालेदार गीतों की जिन्दगी क्षणिक होती है, अच्छे गीत हमेशा जिन्दा रहते हैं।

अखिलेश पर बोला तीखा हमला

सपा मुखिया पर निशाना साधते हुए निरहुआ ने कहा कि अखिलेश यादव सिर्फ सपने देखते हैं और फिर ऊल-जुलूल बातें करते हैं। वे समय-समय पर कभी पार्टी तो कभी मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ को चैलेंज बहुत देते हैं, लेकिन कर कुछ नहीं पाते। जो पार्टी केवल परिवार के बारे में सोचती है, वह देश और प्रदेश के बारे में क्या करेगी।

जनता ने उनकी सरकार को भी देखा है और योगी जी की सरकार की कानून व्यवस्था को भी परखा है। आम जन कानून का राज चाहती है, न कि गुण्डागर्दी। अगले विधानसभा चुनाव पर उन्होंने कहा कि जनता की पहली पसन्द योगी आदित्यनाथ ही हैं और उनसे बेहतर कोई दूसरा अभी नहीं है। भाजपा फिर से योगी जी के नेतृत्व में ही प्रचण्ड बहुमत से सरकार बनाएगी।

आजमगढ़ में कराए कामों का किया जिक्र

आजमगढ़ में अपने दो वर्ष के कार्यकाल पर उन्होंने कहा कि मैंने अपने कार्यकाल में इतने काम करा दिए थे कि आज भी वहाँ काम शुरू हो रहे हैं और अगले 10 वर्ष तक चलेंगे। विपक्ष के प्रोपेगेंडा के कारण वह चुनाव हार गए थे, लेकिन जनता सब जानती है।

विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी वह खुद को प्रचार तक ही सीमित रखना चाहते हैं, लेकिन पार्टी का निर्देश होगा तो विधानसभा चुनाव के मैदान में भी उतर जाएंगे, क्योंकि पार्टी का आदेश सर्वोपरि होता है। इस अवसर पर गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दीपक त्रिपाठी समेत अन्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- न पवन, न खेसारी.... निरहुआ के लिए Udit Narayan ने गाया ये हिट भोजपुरी गाना; आज भी दिलों पर चलाता है छुरियां

यह भी पढ़ें- 'बिना पढ़े नहीं बोलना चाहिए', राहुल गांधी को निरहुआ की नसीहत; महंगाई पर भी दिया बयान