झांसी में कार से टक्कर के बाद ऑटो में लगी आग, चार यात्री झुलसे और ड्राइवर फरार
झांसी में हंसारी रेलवे क्रॉसिंग के पास एक तेज रफ्तार कार ने सीएनजी ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो ...और पढ़ें
-1790517071517_m.webp)
कार से टक्कर के बाद ऑटो में लगी आग।
HighLights
झांसी में कार ने ऑटो को मारी टक्कर, लगी आग।
हादसे में ऑटो चालक सहित चार लोग झुलसे।
कार चालक वाहन छोड़कर मौके से हुआ फरार।
जागरण संवाददाता, झांसी। सदर बाजार थाना क्षेत्र में हंसारी रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार को बड़ा हादसा हो गया। सामने से आई तेज रफ्तार कार ने सीएनजी चलित ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो कुछ दूरी तक घिसटता चला गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। हादसे में ऑटो चालक समेत 4 लोग झुलस गए। सभी को मेडिकल कॉलिज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग निकला।
बबीना थाना क्षेत्र के रसोई गांव निवासी ऑटो चालक कुमेर यादव रविवार सुबह 5 यात्रियों को बबीना से लेकर झांसी आ रहे थे। हँसारी रेलवे क्रॉसिंग के पास सामने से आ रही एक कार अचानक गलत दिशा में आ गई और ऑटो को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार ऑटो को लगभग 10 मीटर तक घसीटती ले गई। इसी दौरान ऑटो में आग लग गई। हादसे में दो यात्री बाहर जा गिरे, जबकि अन्य लोग किसी तरह ऑटो से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ऑटो में सवार लोग जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। सड़क पर ऑटो से उठती आग की लपटें देखकर राहगीर भी घबरा गये। सूचना पाकर सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह व दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने पुलिस की मदद से लगभग आधे घण्टे आग पर काबू पा लिया। लेकिन, तब तक सीएनजी ऑटो पूरी तरह जल चुका था।
इस घटना में ऑटो चालक कुमेर यादव, खैलार निवासी राजीव, बबीना के राजा का तालाब निवासी फूला देवी (70) और थाना सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित आइटीआइ कॉलनि निवासी सविता नागर (44) घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलिज में भर्ती कराया गया है। सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि कार चालक का पता लगाया जा रहा है।
पैर झुलसे तो घिसटकर बचाई जान
घायल सविता नागर बबीना स्थित एमएच अस्पताल में वॉर्ड सहायिका के पद पर कार्यरत हैं। रात की ड्यूटि के बाद वह सुबह ऑटो से घर लौट रही थीं। उन्होंने बताया कि टक्कर के तुरन्त बाद ऑटो में आग लग गई और वह ऑटो से बाहर गिर गईं, लेकिन पैर झुलस जाने के कारण भाग नहीं सकीं। जान बचाने के लिए वह घिसटते हुए लगभग 20 मीटर दूर पहुँचीं।
इसी दौरान दो युवकों ने उन्हें उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं, घायल फूला देवी ने बताया कि वह अपने भाँजे कमलेश से मिलने तालपुरा जा रही थीं, रास्ते में हादसा होने के बाद वह खुद इसकी चपेट में आ गईं।
