झांसी में 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आए दो भाई, एक की जिंदा जलकर मौत; दूसरे की हालत गंभीर
झांसी में मूंगफली की फसल के लिए अवैध रूप से बिजली का तार डालते समय दो भाई 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए।
-1792760588897_m.webp)
खेत में दौड़ रहे 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आए दो भाई।
HighLights
मूंगफली फसल के लिए अवैध बिजली कनेक्शन जानलेवा साबित हुआ।
दीपक परिहार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
छोटा भाई आकाश गंभीर रूप से झुलसा, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, झासी। खेत में मूंगफली की फसल के बीच मोटर चलाने के लिए अवैध रूप से बिजली का तार डालना दो भाइयों के लिए जानलेवा साबित हुआ। तार उछालते समय वह 11 हजार वोल्ट की हाइटेंशन लाइन से छू गया, जिससे करंट दौड़ गया और तेज धमाके के साथ बड़े भाई दीपक परिहार के कपड़ों व शरीर ने आग पकड़ ली।
उसे बचाने दौड़ा छोटा भाई आकाश परिहार भी करंट की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। हादसे में दीपक की मौत हो गई, जबकि आकाश मेडिकल कॉलेज में जिन्दगी के लिए संघर्ष कर रहा है।
रक्सा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम राजापुर निवासी मुरारी परिहार गांव के चौकीदार हैं। उन्होंने खेत में मूँगफली की फसल बोई थी। इसमें पानी लगाने के लिए बिजली की मोटर चलानी थी। शुक्रवार को दिन में उनके बेटे दीपक परिहार (26) और आकाश परिहार (23) खेत पर थे।
उन्होंने सफेद तार लिया और खेत के पास से निकली विद्युत लाइन पर कटिया डालने लगे। जैसे ही दीपक ने तार ऊपर कटिया डालने के लिए उछाला, वह वहाँ से निकली हाइटेंशन लाइन को छू गया। इससे तार करंट फैल गया और तेज धमाके के साथ दीपक आग की चपेट में आ गया।
उसे बचाने के लिए आकाश दौड़ा और प्लास से तार पकड़ने की कोशिश की, तभी उसे भी जोरदार करंट लगा। आकाश के अनुसार इसके बाद उसकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया। होश आया तो वह अस्पताल में था।
आग देखकर सहमे किसान, फिर पहुंचाया अस्पताल
धमाके और आग की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। दीपक के कपड़े जल रहे थे और आकाश पास में पड़ा था। करंट के खतरे के चलते लोग तुरन्त उनके पास जाने से हिचकिचाए। किसी तरह तार को दूर कर दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहाँ चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि आकाश को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
2 वर्ष पहले हुआ था दीपक का विवाह
दीपक का विवाह लगभग दो वर्ष पहले कविता से हुआ था। उसकी 6 माह की बेटी है। परिवार को संभालने में जुटे दीपक की अचानक मौत से पत्नी और मां का बुरा हाल है। छोटे भाई आकाश की शादी भी जून 2026 में हुई थी। दोनों बेटे खेती में पिता का हाथ बंटाते थे।
