CM Yogi Adityanath in Jhansi: झांसी में सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- पर्यटन और निवेश का हब बन सकता है बुंदेलखंड
CM Yogi Adityanath in Jhansi सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह काफी टेबल बुक बता रही है कि बुंदेलखंड में अपूर्व विकास होगा। महारानी लक्ष्मी बाई ने देश की आजादी के लिए खुद को बलिदान किया था इसे कोई नहीं भूल सकता।
झांसी, जेएनएन। CM Yogi Adityanath in Jhansi :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने लम्बे समय बाद झांसी के दौरे पर बुंदेलखंड को बड़ी सौगात देने के साथ ही बुंदेलखंड (Bundelkhand) के पर्यटन के विकास (Tourism) पर आधारित काफी टेबल बुक का विमोचन किया। उन्होंने बुंदेलखंड को उत्तर प्रदेश के विकास का एक अहम पड़ाव भी बताया।
पर्यटन और निवेश का हब बन सकता है बुंदेलखंड
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुंदेलखंड पर्यटन और निवेश का स्थान बन सकता है। उन्होंने जिलाधिकारी झांसी की लिखी गई पर्यटन विकास की काफी टेबल बुक का विमोचन किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह काफी टेबल बुक बता रही है कि बुंदेलखंड में अपूर्व विकास होगा। महारानी लक्ष्मी बाई ने देश की आजादी के लिए खुद को बलिदान किया था इसे कोई नहीं भूल सकता। उनका शौर्य और पराक्रम लोगों को 1857 की याद दिलाता है।
पहले बदहाल था बुंदेलखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड पहले बदहाल था, लेकिन मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि बुंदेलखंड बदहाल नहीं होगा। सरकार बिना भेदभाव हर तबके के लोगों को आवास, पानी, शौचालय उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। वहीं रसोई गैस और बिजली कनेक्शन आदि सुविधाएं युद्धस्तर पर चल रही हैं। सुरक्षा का माहौल देना भाजपा सरकार का काम है। प्रदेश में सुरक्षा का आज बेहतरीन माहौल है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री की योजनाओं को धरातल पर लाना ही हमारी सरकार की प्राथमिकता है। वह तो मन की बात से प्रधानमंत्री झांसी की बेटी की सराहना करते हैं, जिसने एक ही छत के नीचे स्ट्रॉबेरी का उत्पादन किया। लखनऊ में फरवरी 2023 में ग्लोबल इंवेस्टर समिट होगा, जिसमें प्रदेश में व्यापक रूप से निवेश करने पर चर्चा होगी। इसमें कई बड़ी संस्थाएं और कई उद्योग शामिल होंगे। इससे व्यापारी, उद्यमी और आम आदमी सरकार की आने वाली योजनाओं में रुचि लेना शुरू कर देगा। नगर निगम की खराब तस्वीर को स्मार्ट सिटी ने बदलने का काम किया है।