विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो दिन में दो फौजियों के साथ हुई वारदात, चोरों ने चलती ट्रेन से सामान किया पार

Published: Sat, 21 Mar 2026 04:33 PM (IST)

ललितपुर के पास चलती ट्रेनों में दो आर्मी जवानों से चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। अज्ञात चोरों ने ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. ललितपुर में चलती ट्रेन में दो फौजियों से चोरी।

  2. वर्तमान और पूर्व आर्मी जवान बने चोरों का निशाना।

  3. कीमती सामान, सैन्य दस्तावेज भी हुए चोरी।

ललितपुर ब्यूरो। रेलवे जंक्शन ललितपुर के पास रेल चोरों के हौसले इस कदर बुलन्द हैं कि अब देश की सुरक्षा करने वाले जवान भी उनके निशाने पर हैं। पिछले 48 घंटों के भीतर ललितपुर क्षेत्र में चोरी की दो ऐसी सनसनीखेज वारदातें सामने आई हैं, जिन्होंने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

अज्ञात चोरों ने चलती ट्रेन में गहरी नींद का फायदा उठाकर एक मौजूदा और एक पूर्व आर्मी जवान के कीमती सामान और सैन्य दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जाँच उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह को सौंपी है।

महाराष्ट्र निवासी आर्मी जवान वैभव मोरेश्वर चिंचुलकर 21 फरवरी को ट्रेन नम्बर 05074 (पूजा स्पेशल एक्सप्रेस) के कोच एम/8 में बरेली से नागपुर की यात्रा कर रहे थे। सुबह करीब 5 बजे जब ट्रेन ललितपुर स्टेशन के आउटर के पास थी, तभी शातिर चोर ने उनके सिरहाने रखा लेडीज पिंक पर्स उड़ा दिया।

दर्ज कराई जीरो FIR

पर्स में ओप्पो ए-9 मोबाइल, ईयरबड्स और नकदी समेत करीब 18 हजार रुपये का सामान था। जवान ने नागपुर पहुंचकर जीरो एफआइआर दर्ज कराई, जिसे अब ललितपुर जीआरपी को ट्रांसफर किया गया है।

दूसरी घटना 17 फरवरी की है, जब आगरा निवासी 60 वर्षीय पूर्व फौजी अशरफ अली उर्जाधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नम्बर 22168) से आगरा कैंट से सिंगरौली जा रहे थे। सुबह 6:30 बजे जब ट्रेन ललितपुर के नजदीक पहुंची, तो उनका फौजी रंग का पिठ्ठू बैग गायब मिला।

यह भी पढ़ें- भैंस चरा रहे सैलून संचालक की नहर में गिरकर मौत, मिर्गी के दौरे का शिकायत था मनीष

इस बैग में नकदी के अलावा सबसे महत्वपूर्ण आर्मी डिस्चार्ज बुक, आई-कार्ड, ईसीएचएस मिलिट्री कार्ड और कैंटीन कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज थे। पीड़ित ने सिंगरौली में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसे अब जाँच के लिए ललितपुर भेजा गया है।