युवक ने नदी में लगाई छलांग, लापता
शहर में बुधवार की सुबह आत्महत्या के इरादे से एक युवक ने शाही पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते उसकी जलसमाधि हो गई। चिलचिलाती धूप में पांच घंटे तक तलाश के बाद पता नहीं चलने पर गोताखोरों ने हाथ खड़े कर दिए।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: शहर में बुधवार की सुबह आत्महत्या के इरादे से एक युवक ने शाही पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते उसकी जलसमाधि हो गई। चिलचिलाती धूप में पांच घंटे तक तलाश के बाद पता नहीं चलने पर गोताखोरों ने हाथ खड़े कर दिए।
सुबह करीब दस बजे एक युवक शाही पुल पर पहुंचा। पलक झपकते ही पुल से उसने नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शी अवाक रह गए। जब तक कोई कुछ समझ पाता युवक डूब गया। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। शहर कोतवाल श्रीप्रकाश गुप्त सरायपोख्ता पुलिस चौकी प्रभारी धीरेंद्र दुबे, सिपाह चौकी प्रभारी उदय प्रताप सिंह बड़ी संख्या में पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंच गए। कुछ देर तक पुलिस उसके उतराने का इंतजार करती रही। इसके बाद पांच गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश में लगाया गया। लगभग पांच घंटे तक गोताखोर अथक प्रयास किए लेकिन उसका पता नहीं चला। युवक कौन और कहां का था और क्यों उसने जान देने के इरादे से नदी में छलांग लगाई, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि शव बरामद हो जाने के बाद शिनाख्त होने पर ही पूरा प्रकरण साफ हो सकेगा। गोताखोर नदी में डूबा, शव बरामद
जासं, जौनपुर: कोतवाली क्षेत्र के नखास स्थित दुर्गा प्रतिमा विसर्जन घाट पर बुधवार की सुबह गोताखोर की डूबने से मौत हो गई। नखास मोहल्ला निवासी पिन्नू निषाद (30) गोमती नदी में मछली मारने गया था। वह नदी में कूदा तो फिर बाहर नहीं आया। तलाश के दौरान करीब घंटे भर बाद उसकी लाश मिली। घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव ले जाकर अंत्येष्टि कर दी।