डीयू में एबीवीपी की जीत पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय में जश्न, विजय जुलूस निकालकर कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2026 में एबीवीपी की जीत पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में कार्यकर्ताओं और ...और पढ़ें

डूसू में एबीवीपी की जीत पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर में भव्य विजय जुलूस और जश्न।
HighLights
डूसू चुनाव 2026 में एबीवीपी की तीन प्रमुख पदों पर जीत।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर में कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला।
एबीवीपी ने छात्र हितों के लिए निरंतर काम करने का संकल्प लिया।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज करने पर सोमवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने विजय जुलूस निकालकर खुशी मनाई।
जौनपुर विभाग के विभाग संयोजक शानू सिंह के नेतृत्व में निकला जुलूस परिसर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मुख्य द्वार पहुंचा। यहां ढोल-नगाड़ों के बीच कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
डूसू चुनाव में एबीवीपी के यश डबास अध्यक्ष, रिया छावड़ी सचिव और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए हैं। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज की है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कार्यकर्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों के समर्थन में नारे लगाए और इसे विद्यार्थियों की भागीदारी से जुड़ा परिणाम बताया।
विभाग संयोजक शानू सिंह ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल चुनाव तक सीमित संगठन नहीं है। शिक्षा, छात्रावास, सुरक्षा, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं, रोजगार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों को लेकर संगठन लगातार काम करता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास जारी रहेगा।
जिला संयोजक हर्ष सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए संगठन आगे भी सक्रिय रहेगा। विजय जुलूस के दौरान विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह रहा। इस दौरान हर्ष साहू, एकांश मिश्रा, अनूप सिंह, आकाश, प्रिंस, युवांग, अमित और अंकित सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
