किसने और क्यों की मासूम आर्या की हत्या
सेउर गांव की मासूम आर्या की हत्या किसने और क्यों हर किसी के दिल-ओ-दिमाग को यही सवाल मथ रहा है। तंत्र-मंत्र के फेर में हत्या किए जाने की आशंका जताने के साथ ही गांव में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। पुलिस हर बिदु पर गहन छानबीन में जुटी है।
जागरण संवाददाता, मड़ियाहूं (जौनपुर): सेउर गांव की मासूम आर्या की हत्या किसने और क्यों की यह हर किसी के दिल-ओ-दिमाग कौंध रहा है। तंत्र-मंत्र के फेर में हत्या किए जाने की आशंका जताने के साथ ही गांव में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। पुलिस हर बिदु पर गहन छानबीन में जुटी है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र दुबे का दावा है कि जल्द ही गुत्थी सुलझाकर कातिल को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
उक्त गांव के मोतीपुर पुरवा निवासी योगेश मौर्य की पांच वर्षीय पुत्री आर्या की हत्या को लेकर हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है कि आखिर किसने और क्यों बेरहमी से मासूम का कत्ल कर दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। वारदात से गांव-जवार में दहशत का माहौल बन गया है। मृतका के स्वजनों की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मृत आर्या दो बहनों में छोटी थी। उसकी बड़ी बहन आशू छह बरस की है। मां सरिता देवी धाड़ें मारकर रोते-रोते बेसुध होकर लुढ़क जा रही है। घटना के बारे में पूछने पर कोतवाल सुरेंद्र दुबे ने कहा कि ऐसे संभावित हर बिदु की गहन छानबीन की जा रही है। जिसकी वजह से बालिका की हत्या की गई हो। अभी तक कुछ खास सुराग नहीं मिल सका है लेकिन जल्द ही कातिल को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। बोले अधिकारी
शुक्रवार की देररात सूचना मिलते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बालिका के स्वजनों को साथ लेकर संभावित स्थानों पर खोज की लेकिन कहीं पता नहीं चला। शनिवार की सुबह तलाश के दौरान खेत में हत्या कर फेंका गया शव मिला। छानबीन में खोजी कुत्ते की मदद भी ली गई। हर एंगल से छानबीन की जा रही है। जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा। अशोक कुमार, एसपी।