वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के परिसर और छात्रावासों में खराब सीसीटीवी कैमरे होंगे दुरुस्त
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर और छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने की तैयारी है। खराब सीसीटीवी कैमरों ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सुरक्षा होगी चाक-चौबंद, सीसीटीवी और छात्रावास सुविधाओं में सुधार।
HighLights
खराब सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की व्यवस्था।
महिला छात्रावासों में विशेष सुरक्षा, रात में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त होगी।
मेस में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और छात्रों की सुविधाओं पर ध्यान।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के परिसर और छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की तैयारी है। इसके तहत खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को चिह्नित कर दुरुस्त कराया जाएगा। कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि किसी घटना की स्थिति में संबंधित फुटेज तत्काल उपलब्ध हो सके। कैमरों की स्थिति की जांच और आवश्यक सुधार के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की समिति गठित की गई है।
महिला छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। परिसर और छात्रावासों के ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जाएगा, जहां रात में पर्याप्त प्रकाश नहीं रहता है। इन स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त कराने के साथ सुरक्षा के लिहाज से अन्य जरूरी कमियों को भी दूर किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग स्पष्ट है या नहीं और वह सुरक्षित रह रही है अथवा नहीं, इसकी भी निगरानी की जाएगी।
छात्रावासों में भोजन और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी सुधारने की प्रक्रिया शुरू की गई है। मेस में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, उसके रखरखाव और इस्तेमाल की स्थिति पर नजर रखी जाएगी। खाद्य सामग्री को सुरक्षित और निर्धारित स्थान पर रखने के साथ भोजन तैयार करने वाली जगह पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मेस की व्यवस्था की नियमित जांच कर कमियों को दूर कराया जाएगा।छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की दैनिक सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। जिम और अन्य उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति की जांच कर खराब उपकरणों और साफ-सफाई से जुड़ी कमियों को दूर कराया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रावासों में सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।
छात्रावासों में विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलना जरूरी है। सुरक्षा व्यवस्था में लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील होने चाहिए और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रहनी चाहिए। खराब कैमरों को चिह्नित कर ठीक कराने के लिए समिति बनाई गई है। छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री के खरखाव और स्वच्छता की भी नियमित जांच होगी। प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने के साथ खासकर छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
