अश्लील गाने को लेकर भिड़े दो वर्ग, चार हिरासत में
नगर के समीवर्ती डिहिवा भादी गांव में बुधवार की रात मोबाइल फोन पर अश्लील गाना बजाने को लेकर दो वर्गों के बीच विवाद हो गया। एक वर्ग विशेष के लोगों ने एक युवक को पीटकर घायल करने के साथ ही उसकी बाइक क्षतिग्रस्त कर दी।
जागरण संवाददाता, शाहगंज (जौनपुर): नगर के समीवर्ती डिहिवा भादी गांव में बुधवार की रात मोबाइल फोन पर अश्लील गाना बजाने को लेकर दो वर्गों के बीच विवाद हो गया। एक वर्ग विशेष के लोगों ने एक युवक को पीटकर घायल करने के साथ ही उसकी बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। इसी मामले को लेकर गुरुवार की सुबह दूसरे वर्ग के लोगों ने कुछ युवकों की पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों से चार व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
उक्त गांव निवासी एक युवक बुधवार की रात करीब दस बजे घर के सामने मोबाइल फोन पर तेज ध्वनि में अश्लील गाना बजा रहा था। वर्ग विशेष के कुछ लोगों के आपत्ति करने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। मोबाइल बजा रहे युवक ने इस बात की जानकारी अपने पक्ष के लोगों को दी तो करीब दो दर्जन की संख्या में एकत्रित होकर विरोध करने वाले युवक को पीटकर घायल कर दिया। उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। घटना की जानकारी रात में पुलिस को दी गई। इसी विवाद को लेकर दूसरे वर्ग के लोगों ने वर्ग विशेष के लोगों को गुरुवार की सुबह पीट दिया। मामला एक बार फिर कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने दोनों वर्गों के चार लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली लायी। मामला दो वर्गों का होने के नाते तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस चौकन्ना है।