जौनपुर में पुलिस मुठभेड़ में दो पशु तस्कर गिरफ्तार, पूर्व में भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
जौनपुर जिले में पशु तस्करी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए तस्करों को ललकारा तो फायरिंग होने के बाद दूसरी ओर से भी गोली चलने लगी। इस दौरान तस्कर पकड़ लिए गए।
जौनपुर, जागरण संवाददाता। महराजगंज पुलिस ने मुठभेड़ में दो पशु तस्करों को सोमवार की भोर में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली कि कुछ पशु तस्कर सुजानगंज की तरफ से आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने उमरी कला मोड़ पर घेराबंदी की। कुछ देरबाद दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग तेज रफ्तार से आते दिखे।
इन लोगों को जौनपुर पुलिस ने जब रोकने का प्रयास किया तो बदमाश गोली चलाते हुए भागने लगे। इस पर पुलिस भी आत्मरक्षार्थ गोली चलाने लगी। गोली चलने की जानकारी होने के बाद स्थानीय लोगों में भी इस मुठभेड़ की चर्चा शुरू हो गई। इस बाबत जानकारी होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस के अनुसार इन लोगों की पुलिस को काफी समय से तलाश थी।
पुलिस की ललकार सुनकर तीनों मोटरसाइकिल छोड़कर खेत की तरफ फायरिंग करते हुए भागने लगे। इस दौरान पुलिस की गोली दो के पैर में लगी और गिर गए। पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया। एक बदलापुर की तरफ भाग गया। घायलों को बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया कर सदर अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया। गिरफ्तार पशु तस्करों में उमर अली निवासी लमहन थाना महराजगंज है।
पुलिस के अनुसार इसके ऊपर तीन अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दूसरा बुनेल कंकाली निवासी मुहम्मदपुर भिटिया थाना गंभीरपुर आजमगढ़ है। इसके ऊपर आजमगढ़ व जौनपुर में छह अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार अभियुक्त शमी उल्ला कुरैशी है। पुलिस के मुताबिक इस पर भी दो मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार तस्करों के पास से एक वाहन व दो तमंचा, चार कारतूस, पांच मोबाइल और 3850 रुपये बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपितों से पूछताछ के बाद पूरे गिरोह पर कार्रवाई की जाएगी। इन सभी आरोपितों पर पूर्व में भी अभियोग पंजीकृत हो चुका है। ऐसे में पुलिस अब आगे की कार्रवाई को लेकर पुराने मामलों की भी पड़ताल कर रही है।