विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राज्यपाल के आगमन पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, सिटी स्टेशन से पूविवि तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस

By khalid shahEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 26 Jul 2026 06:00 PM (IST)

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आगमन को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप ...और पढ़ें

जौनपुर में राज्यपाल के आगमन पर सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम।

जौनपुर में राज्यपाल के आगमन पर सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम।

HighLights

  1. राज्यपाल के आगमन पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप।

  2. जिलाधिकारी और एसएसपी ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया।

  3. भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, रोडवेज बसों के मार्ग बदले।

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 27 जुलाई को होने वाले 30वें दीक्षा समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के प्रस्तावित आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। रविवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद आर्यभट्ट सभागार में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियों पर चर्चा की गई।

बैठक में जौनपुर सिटी स्टेशन से विश्वविद्यालय परिसर और कार्यक्रम स्थल तक के वीवीआइपी रूट को अलग-अलग जोन और ड्यूटी प्वाइंट में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की जानकारी दी गई।किस स्थान पर इंस्पेक्टर, उपनिरीक्षक, पुलिसकर्मी और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे, इसकी जिम्मेदारी स्पष्ट की गई। एसडीएम स्तर के अधिकारियों की तैनाती और उनके दायित्व भी बताए गए।

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, वीवीआइपी आगमन-प्रस्थान मार्ग, पार्किंग, प्रवेश-निकास द्वार, बैरिकेडिंग, मंच, अतिथि दीर्घा और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को समय से अपने प्वाइंट पर पहुंचने और मुस्तैद रहने को कहा गया।संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने के साथ ही आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

वीवीआइपी मूवमेंट को लेकर शहर में यातायात व्यवस्था बदली

राज्यपाल के सड़क मार्ग से आवागमन को देखते हुए 27 जुलाई को सुबह छह बजे से शाम सात बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पचहटिया तिराहा, प्रसाद तिराहा, अलीगंज हाईवे तिराहा, जगदीशपुर चौराहा, चांदपुर हाईवे अंडरपास और कुत्तूपुर तिराहा से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हालांकि गैस, पेट्रोल, डीजल और मेडिकल आपूर्ति से जुड़े आवश्यक सेवा वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी।यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रोडवेज बसों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है।

प्रयागराज, सुल्तानपुर, भदोही, मीरजापुर और वाराणसी की ओर से आने-जाने वाली बसें हौज टोल प्लाजा, जफराबाद, नाथूपुर, पीली कोठी, आंबेडकर तिराहा और सिविल लाइन होकर जौनपुर डिपो पहुंचेंगी। वहीं शाहगंज और आजमगढ़ की ओर से आने-जाने वाली बसें जोगियापुर, सिविल लाइन रोड और शेखपुर तिराहा होते हुए जौनपुर डिपो जाएंगी। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि रूट डायवर्जन के दौरान राहगीरों, स्थानीय लोगों और यात्रियों को अनावश्यक परेशानी न हो।