जौनपुर में टिन शेड लगाते हाइटेंशन तार की चपेट में आने से प्रवक्ता पिता-पुत्र समेत तीन झुलसे
जौनपुर में दो अलग-अलग घटनाओं में बिजली के तारों से हुए हादसों में चार लोग प्रभावित हुए हैं। जगदीशपुर चौराहे ...और पढ़ें

जौनपुर में बिजली विभाग की लापरवाही: हाईटेंशन तार से तीन झुलसे, स्टे तार से एक की मौत।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। जगदीशपुर चौराहा स्थित सिंह कोल्ड स्टोर के पास बनी कालोनी के बीच से गुजर रहा 33 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार हादसे का कारण बन गया। लगाते समय सीमेंटेड टीन शेड तार से स्पर्श कर गया इससे तिलकधारी विधि महाविद्यालय के प्रवक्ता ज्ञान प्रकाश सिंह, उनके पुत्र प्रांजल सिंह और मिस्त्री महेंद्र कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। ज्ञान प्रकाश का एक हाथ काटना पड़ा।
कालोनीवासियों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है। कालोनी में करीब 25 मकान हैं। हाईटेंशन लाइन को अंडरग्राउंड कराने अथवा आबादी से बाहर स्थानांतरित करने के लिए कई बार विद्युत विभाग को लिखित और मौखिक शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञान प्रकाश सिंह अपने मकान के सामने टीन शेड लगवा रहे थे। उनके पुत्र प्रांजल और मिस्त्री महेंद्र भी काम में लगे थे।
स्टे तार में उतरे करंट से व्यक्ति की मौत
सिंगरामऊ हरिहरपुर गांव में शुक्रवार को बारिश के बीच विद्युत खंभे के स्टे तार में करंट उतरने से राजमनी मिश्र (60) की मौत हो गई। बारिश के कारण विद्युत खंभे के स्टे तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान राजमनी मिश्र उसकी चपेट में आ गए।
करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें तार से अलग किया। इसके बाद परिजन उन्हें आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसे लेकर ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है।
