हत्या के मामले में सुलह न करने पर जान से मारने की धमकी
जागरण संवाददाता जौनपुर हत्या जैसे संगीन मामले में भी डेढ़ वर्ष बाद पुलिस द्वारा कोई कार्यवाह
जागरण संवाददाता, जौनपुर: हत्या जैसे संगीन मामले में भी डेढ़ वर्ष बाद पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही न करना आरोपितों का हौसला बुलंद करता है। ऐसा ही एक मामला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में आया है। विवाहिता की हत्या के डेढ़ वर्ष बाद भी आरोपितों के खिलाफ कोई कार्यवाही न होने पर आरोपित ने वादी को मुकदमे में सुलह करने का दबाव बनाया। सुलह नहीं करने पर वादी व उसके परिवार वालों को जान से खत्म करने की धमकी दी जा रही है। दीवानी न्यायालय पहुंचे मृतका के पिता राम प्रसाद निवासी पिडरा, जफराबाद ने मुख्यमंत्री व डीजीपी को दरखास्त भेज कर जान माल की रक्षा की गुहार लगाई व आरोपितों के खिलाफ त्वरित व प्रभावी कार्यवाही की मांग की।
राम प्रसाद ने दरखास्त दिया है कि उसकी पुत्री सुनीता की 12 वर्ष पूर्व शादी श्याम निषाद निवासी रामपुर थाना सरायख्वाजा के साथ हुई। दो बच्चे भी हुए। पति नशा करता था। पति एवं ससुराल वाले सुनीता को प्रताड़ित करते थे। सूचना मिली कि चार जुलाई 2019 को पति एवं ससुराल वालों ने मिलकर सुनीता की हत्या कर दिया तथा शव भी जला दिया। पूर्व प्रधान व अन्य आरोपित भी साजिश में शामिल थे। वादी ने थाना सरायख्वाजा में तहरीर दिया। सुनवाई नहीं होने पर एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी के आदेश पर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई, लेकिन पुत्री की हत्या के डेढ़ वर्ष बाद भी पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया।