नकदी व तीन लाख के आभूषण समेट ले गये चोर
बड़नपुर गांव में गुरुवार की रात रोशनदान तोड़कर घर में घुसे चोर दो लाख रुपये नकद व तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण समेट ले गए। शुक्रवार की सुबह चोरी का पता चला। खोजबीन के दौरान घर से सौ मीटर दूरी पर बाक्स व ब्रीफकेस टूटे पड़े मिले। छानबीन में मदद के लिए बुलाया गया खोजी कुत्ता कोई सुराग नहीं दे सका।
जासं, खुटहन (जौनपुर): बड़नपुर गांव में गुरुवार की रात रोशनदान तोड़कर घर में घुसे चोर दो लाख रुपये नकद व तीन लाख मूल्य के आभूषण समेट ले गये। शुक्रवार की सुबह चोरी का पता चला। खोजबीन के दौरान घर से सौ मीटर दूरी पर बाक्स व ब्रीफकेस टूटे पड़े मिले। छानबीन में मदद के लिए बुलाया गया खोजी कुत्ता कोई सुराग नहीं दे सका। पुलिस यह तो मान रही है कि चोरी हुई लेकिन नकदी व आभूषणों को लेकर संदेह जता रही है।
उक्त गांव निवासी दो सगे भाई मनोज सिंह व संतोष सिंह हैं। मनोज सिंह खेतासराय थाना क्षेत्र के नौली बाजार में किराना की दुकान चलाते हैं और वहीं सपरिवार रहते हैं। संतोष सिंह अपने परिवार के साथ लखनऊ रहते हैं। घर पर माता-पिता ही रहते हैं। गुरुवार की रात रोशनदान तोड़कर घर में घुसे चोर एक बाक्स व ब्रीफकेस उठा ले गये। शुक्रवार की तड़के खड़ंजे पर बाक्स व ब्रीफकेस टूटा पड़ा देख लोग अपने-अपने घरों की तरफ भागे। मनोज सिंह के घर का रोशनदान टूटा देख उनकी माता सवितरा देवी कमरे में गईं तो बाक्स व ब्रीफकेस नदारद मिले। मौके पर गईं तो कपड़ों को देखकर पहचान कर ली। मनोज के अनुसार चोर दो लाख रुपये नकद व करीब तीन लाख रुपये मूल्य के जेवर चोरी कर ले गये। चोरी हुए आभूषणों में सोने के दो हार, तीन चेन, पांच अंगूठी व मंगलसूत्र हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सुराग की तलाश में मदद के लिए खोजी कुत्ता बुलवाया। कुत्ता घर से टूटे बाक्स के पास से लगभग पांच सौ मीटर नहर तक जाकर वापस लौट आया। थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि चोरी की घटना से इन्कार नहीं किया जा सकता लेकिन नकदी व आभूषणों को लेकर स्थिति संदेहास्पद है।