पूर्वांचल के 'महामुकाबले' से पहले मैदान तैयार, पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह ने पिच से लेकर डगआउट तक की फील्डिंग की तय
जौनपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल) की तैयारियों का जायजा लेने पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने एकलव्य स्टेडियम का निरीक्षण किया। ...और पढ़ें

जौनपुर प्रीमियर लीग की तैयारियां तेज, पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह ने स्टेडियम का किया निरीक्षण।
HighLights
पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह ने एकलव्य स्टेडियम का निरीक्षण किया।
पिच, आउटफील्ड और डगआउट व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
7 अक्टूबर को धमाकेदार ओपनिंग सेरेमनी की योजना बनाई गई।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में जौनपुर प्रीमियर लीग का बिगुल बजने ही वाला है।टूर्नामेंट की पहली गेंद फिंकने से पहले तैयारियों का 'वार्म-अप' सत्र तेज हो गया है। प्रतियोगिता को इंटरनेशनल टच देने और खेल प्रेमियों को शानदार 'फैन एक्सपीरियंस' कराने के लिए आयोजकों ने पूरी ताकत झोंक दी है।
इसी सिलसिले में गुरुवार को पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने एकलव्य स्टेडियम की पिच, आउटफील्ड और डगआउट व्यवस्थाओं का बारीक मुआयना किया।जबकि कुलपति प्रोफेसर राकेश कुमार सिंह पहले ही इस तैयारी को लेकर खेल विभाग के लोगों का पेंच कस चुके हैं।
अभिषेक सिंह ने मैच की 22 गज की पट्टी (पिच), आउटफील्ड, दर्शकों की सिटिंग कैपेसिटी और फ्लडलाइट्स की रोशनी का जायजा लिया। उन्होंने मैनेजमेंट टीम के साथ पार्किंग से लेकर क्राउड कंट्रोल तक की रणनीति पर 'गेम प्लान' तैयार किया,ताकि मैच वाले दिन दर्शकों को बिना किसी रुकावट के मुकाबले का लुत्फ उठाने को मिले।
इसके बाद वे मेजर ध्यानचंद इंडोर स्टेडियम पहुंचे, जहां मैट पर पसीना बहा रहे कबड्डी और खो-खो के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी 'फॉर्म' और तैयारियों का हाल जाना।खिलाड़ियों को जीपीएल के बड़े मंच के बारे में बताते हुए उन्होंने उनका जोश हाई किया।इंडोर स्टेडियम में ही एक ग्रैंड सेरेमनी के तहत टूर्नामेंट की 'चैंपियन ट्रॉफी' और खिलाड़ियों की 'ऑफिशियल जर्सी' लॉन्च करने का मास्टरप्लान बनाया गया है।
अभिषेक सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट का टोन सेट करने के लिए सात अक्टूबर को एक धमाकेदार 'ओपनिंग सेरेमनी' प्लान की जा रही है। इस क्रिकेट कार्निवल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों और स्टार एथलीटों के साथ-साथ बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों और संगीतकारों का 'प्लेइंग-11' जैसा लाइनअप दिखेगा। निरीक्षण के दौरान कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, क्रिकेट कोच विजय प्रकाश कुमार,अनिल अस्थाना और खेल सहायक रजनीश सिंह समेत पूरा 'सपोर्ट स्टाफ' मैदान में डटा रहा। अधिकारियों ने बताया कि बचे हुए फिनिशिंग वर्क को भी जल्द निपटाकर मैदान को मैच रेडी कर दिया जाएगा।
