प्राइवेट हास्पिटल में वार्ड ब्वाय ने महिला से की छेड़खानी
शहर के जेसीज चौराहा स्थित एक प्राइवेट हास्पिटल में वार्ड ब्वाय ने महिला के साथ छेड़खानी की। आरोपित वार्ड ब्वाय फरार हो गया है।
जौनपुर: शहर के जेसीज चौराहा स्थित एक प्राइवेट हास्पिटल में वार्ड ब्वाय ने महिला के साथ छेड़खानी की। आरोपित वार्ड ब्वाय फरार हो गया है। आजमगढ़ जिले के एक गांव निवासी दंपती का अठारह दिन का बच्चा उक्त हास्पिटल में भर्ती है। रविवार की रात तिमारदारी में लगी बच्चे की मां हास्पिटल के ऊपरी तल पर सोई थी। उसका पति नीचे सोया था। रात बारह बजे एक वार्ड ब्वाय सो रही महिला के साथ छेड़खानी करने लगा। नींद खुलने पर महिला शोर मचाने लगी। शोर सुनकर महिला का पति व हास्पिटल के अन्य कर्मचारी पहुंचे तो आरोपित वार्ड ब्वाय फरार हो गया। घटना की जानकारी होने पर महिला के मायके से सोमवार की सुबह कुछ लोगों के साथ आए उसके भाई ने हंगामा खड़ा कर दिया। अस्पताल कर्मियों ने किसी तरह से मामला शांत किया। हास्पिटल के मैनेजर ने पूछने पर कहा कि आरोपित वार्ड ब्वाय फरार हो गया है। मामले की सूचना फिलहाल पुलिस को नहीं दी गई है। (जासं)