अपनी ऊर्जा को सही दिशा में खर्च करें युवा
रविवार को स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज प्रांगण में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित विजय लक्ष्य युवा सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे राज्य मंत्री मंत्री नीलकंठ तिवारी ने युवाओं से अपनी उर्जा को सही दिशा में खर्च करने का आह्वान किया।
जासं, मड़ियाहूं (जौनपुर): स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज प्रांगण में रविवार को भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित विजय लक्ष्य युवा सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे राज्य मंत्री मंत्री नीलकंठ तिवारी ने युवाओं से अपनी उर्जा को सही दिशा में खर्च करने का आह्वान किया। कहा कि ऊर्जा को सही दिशा में खर्च करने वाले युवा मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, अभिमन्यु व स्वामी विवेकानंद बनकर देश का गौरव को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की को रफ्तार देने के लिए भाजपा को आगे बढ़ाना बेहद जरूरी है। नीलकंठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों व समाज के वंचित तबकों का जितना विकास हुआ, उतना कांग्रेस सरकार में नहीं हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दिव्यांशु सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि हमें गर्व होना चाहिए कि हम उस पार्टी के कार्यकर्ता हैं जिसका मुखिया चौकीदार बनकर हमारे साथ खड़ा है। विधायक डा. लीना तिवारी व हरेंद्र सिंह ने बूथ मजबूत करने को कहा। कार्यक्रम को बीपी सरोज, सात्विक तिवारी, आरपी कुशवाहा, ब्रह्मदेव ने भी संबोधित किया। संचालन अखिल प्रताप सिंह ने किया।