दिव्यांगों का बनेगा स्मार्ट कार्ड, आसान होगा जीवन
दिव्यांगों के कल्याण के लिहाज से बड़ा फैसला लिया गया है। अब जिले भर के दिव्यांगों की यूनिक आईडी बनाई जाएगी। चिप पर सारी जानकारी उपलब्ध होने की वजह से उन्हें कार्यालयों के चक्कर काटने से भी छुटकारा मिलेगा। प्रत्येक कार्ड के लिए बीडीओ को तीन रुपये 61 पैसे पारिश्रमिक के तौर पर दिया जाएगा। ब्लाकों में आनलाइन कार्ड बनवाने के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। योजना का लाभ तकरीबन 20 हजार दिव्यांगों को मिलेगा।
जागरण संवाददाता, जौनपुर : दिव्यांगों के कल्याण के लिहाज से बड़ा फैसला लिया गया है। अब जिले भर के दिव्यांगों की यूनिक आइडी बनायी जायेगी। आइडी पर मौजूद चिप पर सारी जानकारी उपलब्ध होने की वजह से उन्हें कार्यालयों के चक्कर काटने से भी छुटकारा मिलेगा। प्रत्येक कार्ड के लिए बीडीओ को तीन रुपये 61 पैसे पारिश्रमिक के तौर पर दिया जायेगा। ब्लाकों में ऑनलाइन कार्ड बनवाने के लिए आदेश जारी कर दिये गये हैं। योजना का लाभ तकरीबन 20 हजार दिव्यांगों को मिलेगा।
यूनिक आइडी कार्ड लेने के लिए दिव्यांग पेंशन पा रहे लाभार्थियों को समस्त प्रमाण पत्रों के साथ ब्लाकों में जाकर आनलाइन आवेदन करना होगा। सहूलियत के लिहाज से ब्लाकों पर व्यवस्था की गई है। दिव्यांगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्रदान करने व विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किए जाने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के साथ ही दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से यूडीआइडी कार्यक्रम शुरू किया गया है। स्मार्टकार्ड में दिव्यांगों की समस्त जानकारी होगी। इतना ही नहीं इस पहल से दिव्यांग प्रमाण पत्र को लेकर किसी प्रकार की धांधली भी नहीं की जा सकेगी। कहीं भी स्वैप करने पर कार्डधारक की समस्त जानकारी कुछ ही क्षण में मिल जायेगी।
-
समस्त बीडीओ को आदेश जारी कर स्मार्ट कार्ड बनाने को कहा गया है। पारदर्शिता के लिहाज से यह जरूरी है। साथ ही इससे दिव्यांगों का जीवन भी आसान होगा। पेंशन ले रहे दिव्यांगों को यह सुविधा प्रदान की जायेगी। इसके लिए सभी अपने-अपने ब्लाकों में जाकर बीडीओ से मिल सकते हैं।
-अनुपम शुक्ला, सीडीओ।