शॉर्ट वीडियो की लत से घट रही एकाग्रता और स्मरण शक्ति, शोध में सामने आई मेंटल हेल्थ की कहानी
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने छात्रों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें शॉर्ट वीडियो की लत ...और पढ़ें

शॉर्ट वीडियो की लत से छात्रों की एकाग्रता और स्मरण शक्ति पर बुरा असर।
HighLights
शॉर्ट वीडियो की लत से घट रही छात्रों की एकाग्रता।
मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन पर दिया गया जोर।
विश्वविद्यालय के वेलनेस सेंटर ने किया कार्यक्रम आयोजित।
दैनिक जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के वेलनेस सेंटर की ओर से नवप्रवेशित स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं वेलनेस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य नवागंतुक छात्र-छात्राओं को तनाव प्रबंधन, स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक समस्याओं के समाधान के प्रति सचेत करना रहा।
व्यावहारिक मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष व वेलनेस सेंटर के समन्वयक प्रो. अजय प्रताप सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए मन का स्वस्थ होना भी अनिवार्य है। उन्होंने आगाह किया कि लगातार शॉर्ट वीडियो देखने और डिजिटल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से छात्रों की ध्यान क्षमता, एकाग्रता और स्मरण शक्ति पर बुरा असर पड़ रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई और दैनिक दिनचर्या में संतुलन बनाते हुए डिजिटल माध्यमों का सीमित व विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने का आह्वान किया।अनुप्रयुक्त सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो. मनोज मिश्र ने कहा कि आधुनिक दौर की मानसिक चुनौतियों व समस्याओं के समाधान में हमारी प्राचीन पद्धतियां बेहद कारगर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्राचीन तकनीकों को समझकर दैनिक जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।
वेलनेस सेंटर की नोडल अधिकारी डॉ. अन्नू त्यागी ने कोपिंग स्किल्स पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी मानसिक या भावनात्मक तनाव को अकेले सहने के बजाय विश्वविद्यालय के काउंसलिंग सेंटर की मदद लें। उन्होंने नियमित दिनचर्या, शारीरिक सक्रियता और रोजाना कम से कम 30 मिनट टहलने की सलाह दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में व्यावहारिक मनोविज्ञान विभाग की डॉ. जान्हवी श्रीवास्तव ने अतिथियों व विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने तनाव के प्रकारों को समझाते हुए कहा कि छात्र जीवन में तनाव स्वाभाविक है, बशर्ते समय रहते उसकी पहचान कर सही प्रबंधन किया जाए। इस मौके पर संकाय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राएं व शिक्षक उपस्थित रहे।
