विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर प्रीमियर लीग में शाहगंज स्ट्राइकर्स और मड़ियाहूं चैलेंजर्स ने दर्ज की जीत

By khalid shah Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 10 Oct 2026 05:55 PM (IST)

जौनपुर प्रीमियर लीग 2026 में शाहगंज स्ट्राइकर्स और मड़ियाहूं चैलेंजर्स ने अपने-अपने मुकाबले जीते। शाहगंज ने जौनपुर पैंथर्स को 8 ...और पढ़ें

जौनपुर प्रीमियर लीग 2026 में शाहगंज स्ट्राइकर्स और मड़ियाहूं चैलेंजर्स ने दर्ज की शानदार जीत।

जौनपुर प्रीमियर लीग 2026 में शाहगंज स्ट्राइकर्स और मड़ियाहूं चैलेंजर्स ने दर्ज की शानदार जीत।

HighLights

  1. शाहगंज स्ट्राइकर्स ने जौनपुर पैंथर्स को आठ रन से हराया।

  2. मड़ियाहूं चैलेंजर्स ने जफराबाद चैलेंजर्स को सात विकेट से हराया।

  3. कुलपति ने युवाओं में खेल प्रतिभा निखारने पर जोर दिया।

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित जौनपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल) 2026 में शाहगंज स्ट्राइकर्स और मड़ियाहूं चैलेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। पहले मैच में शाहगंज स्ट्राइकर्स ने जौनपुर पैंथर्स को आठ रन से शिकस्त दी, जबकि दूसरे मुकाबले में मड़ियाहूं चैलेंजर्स ने जफराबाद चैलेंजर्स को सात विकेट से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया।

पहले मुकाबले में टॉस जीतकर शाहगंज स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 10 ओवर में छह विकेट खोकर 76 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जौनपुर पैंथर्स की टीम शाहगंज के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 68 रन पर सिमट गई। इस तरह शाहगंज स्ट्राइकर्स ने आठ रन से जीत दर्ज की।

शाहगंज की ओर से फरहान हक ने 17 गेंदों पर 23 रन की उपयोगी पारी खेली। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। कुलपति प्रो. आर. के. सिंह ने फरहान हक को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।दूसरे मुकाबले में जफराबाद चैलेंजर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 50 रन पर ऑलआउट हो गई।

मड़ियाहूं चैलेंजर्स के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका नहीं दिया। आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी मड़ियाहूं चैलेंजर्स ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और तीन विकेट खोकर 7.3 ओवर में ही 51 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। टीम ने सात विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।

शिवम यादव ने 13 गेंदों पर 17 रन की अहम पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने शिवम यादव को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।इस अवसर पर कुलपति प्रो. आर. के. सिंह ने कहा कि जौनपुर प्रीमियर लीग युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें अपनी क्षमता साबित करने का सशक्त मंच है।

ऐसे आयोजन जनपद में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं।