नाले में मिले शव को लेकर घंटे भर चला सीमा विवाद
मछलीशहर व सुजानगंज थानों की सीमा पर स्थित सोनहिता नाला में गुरुवार की सुबह पुल के नीचे पानी में झाड़ी में फंसी महिला का क्षत-विक्षत शव दिखाई पड़ने से सनसनी फैल गई। घंटे भर चले सीमा विवाद के बाद सुजानगंज थाना पुलिस ने मान लिया कि शव उसके क्षेत्र में पड़ा है।
जागरण संवाददाता, बरईपार (जौनपुर): मछलीशहर व सुजानगंज थानों की सीमा पर स्थित सोनहिता नाला पर बने पुल के नीचे गुरुवार की सुबह पानी में झाड़ी में फंसी महिला का क्षत-विक्षत शव दिखाई पड़ने से सनसनी फैल गई। घंटे भर चले सीमा विवाद के बाद सुजानगंज पुलिस ने मान लिया कि शव उसके क्षेत्र में पड़ा है। लगभग दस दिन पुराने शव की शिनाख्त नहीं हो सकी तो पुलिस ने लावारिस के तौर पर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुबह ग्रामीणों की नजर नाले में पुल के नीचे पानी में झाड़ी में फंसे करीब 28 साल की महिला के शव पर पड़ी। ग्रामीणों के शोर मचाने पर भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर सहयोगियों के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष सुजानगंज उदय प्रताप सिंह ने कहा कि जिस स्थान पर शव पड़ा है वह मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के भाऊपुर में पड़ता है। करीब घंटे भर बाद मौका मुआयना कर मछलीशहर कोतवाली पुलिस ने कहा कि शव सुजानगंज में है। घंटे भर सीमा विवाद के बाद सुजानगंज पुलिस ने मान लिया कि शव उसके क्षेत्र में है। दो घंटे के बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को निकलवाया। मौके पर जुटी भीड़ में से कोई भी शिनाख्त नहीं कर सका तो पुलिस ने लावारिस के तौर पर शव को अंत्य परीक्षण को भेज दिया। थानाध्यक्ष ने कहा कि शव आठ से दस दिन पहले का लग रहा है।