जौनपुर में पीली नदी का पुल डूबने के बाद यातायात के लिए बंद, नोटिस लगाकर बंद किया गया पुल का रास्ता
जौनपुर में पीली नदी का जलस्तर बढ़ने से दुगौली कला-कस्तूरीपुर के बीच रपटा पुल बंद कर दिया गया है। इससे ...और पढ़ें

जौनपुर में पीली नदी का रपटा पुल बंद, जलस्तर बढ़ने से यातायात प्रभावित।
HighLights
पीली नदी का रपटा पुल जलस्तर बढ़ने से बंद।
दुगौली कला-कस्तूरीपुर के बीच आवागमन पूरी तरह रुका।
ग्रामीणों को 10-15 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। पीली नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से दुगौली कला-कस्तूरीपुर के बीच बना रपटा पुल बुधवार को पूर्णतया बंद कर दिया गया। तहसील प्रशासन ने नदी के दोनों तरफ कटीला तार लगाकर आवागमन रोक दिया है। साथ ही लोगों को खतरे से आगाह करने के लिए कई स्थानों पर फ्लैक्स बोर्ड भी लगाए गए हैं।
लगातार हो रही बारिश के कारण सोमवार की रात रपटा पुल पानी में डूब गया था। मंगलवार को जलस्तर और बढ़ने पर प्रशासन ने आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी। पुल बंद होने से दुगौली कला, दुगौली खुर्द, तियरा, ठेगुआ, अटौली, रामपुर, रामीपुर, इनामीपुर समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
सबसे अधिक दिक्कत स्कूली छात्रों को होगी। ग्रामीणों को अब तहसील मुख्यालय पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ेगा। इसके लिए उन्हें करीब 10 से 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी। एसडीएम मोहम्मद अमान ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए दोनों तरफ कटीला तार लगाया गया है।
