बरगद की डाल काटने पर ग्रामीणों में आक्रोश
बक्शा थाने के ठीक सामने ब्लाक मुख्यालय परिसर सौ साल से अधिक पुराने राष्ट्रीय वृक्ष बरगद की विशाल डालियां काटे जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया है।
जागरण संवाददाता, नौपेड़वा (जौनपुर): बक्शा थाने के ठीक सामने ब्लाक मुख्यालय परिसर सौ साल से अधिक पुराने राष्ट्रीय वृक्ष बरगद की विशाल डालियां काटे जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। डालियों को ब्लाक परिसर में राजकीय कृषि बीज गोदाम बनाने के लिए काटा जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि ब्लाक परिसर में लगभग सौ साल से अधिक पुराना विशालकाय बरगद का वृक्ष है। इससे लोगों को शीतल छाया मिलती है। परिसर में बीज भंडारण के लिए गोदाम के लिए 86 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। कार्यदाई संस्था के ठेकेदार के कर्मी पेड़ की विशालकाय डालियों को शुक्रवार को काट दिए। जानकारी होने पर आस-पास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। कहा कि गोदाम को कहीं और बना दिया जाता। ब्लाक परिसर स्थित पशु अस्पताल, कृषि भवन एवं प्राथमिक स्वास्थ्य के समीप दो पुराने बरगद के पेड़ की छाया में रात-दिन पशुपालक, प्रसव के लिए आने वाले तीमारदारों तथा कृषि गोदाम पर आने वाले लोग छाया में आराम करते हैं। इतना ही नहीं पशु अस्पताल पर पहुंचने के लिए इंटरलाकिग ईंट बिछाई गई है। समीप ही इंडिया मार्का हैंडपंप भी लगाया गया है। इसके बावजूद अधिकारी के आदेश पर उक्त स्थल पर राजकीय बीज भंडारण के लिए जगह उपलब्ध करा दी गई। विरोध करने वालों में राकेश तिवारी, जगदीश तिवारी, नन्हकू, अवधेश आदि ग्रामीण रहे। इस संबंध में एडीओ एजी चंद्रिका यादव ने बताया कि जगह को चिन्हित किया गया था, लेकिन पेड़ की विशाल डालियों को काटने के लिए मैंने नहीं कहा है।