बारिश से उमस में राहत, सड़क पर आफत
जागरण संवाददाता, जौनपुर: बढ़ी उमस के बीच शुक्रवार दोपहर हुई बरसात से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन सड़को
जागरण संवाददाता, जौनपुर: बढ़ी उमस के बीच शुक्रवार दोपहर हुई बरसात से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन सड़कों पर भरे पानी से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जगह-जगह भरे पानी से लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। बरसात से तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही इससे किसानों ने भी काफी राहत महसूस किया।
नालियों की समय से सफाई नहीं होने की वजह से नईगंज, पॉलीटेक्निक चौराहा व ओलन्दगंज समेत अन्य स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया। मछलीशहर क्षेत्र में बरसात की वजह से तहसील परिसर में भी पानी भर गया। सड़कें पानी में डूबी होने की वजह से आवागमन भी घंटों प्रभावित रहा। गौराबादशाहपुर में भी बरसात की वजह से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। हालांकि किसानों के लिए यह बरसात अमृत समान रही। रणजीत सिंह, कमला सिंह, संतोष वर्मा, सुरेन्द्र सिंह समेत अन्य किसानों ने कहा कि बरसात नहीं होने की वजह से धान की खेती में रोग का प्रकोप बढ़ गया था। ऐसे में इस बारिश से इस समस्या का काफी हद तक समाधान हो गया। बरसात की वजह से जलालपुर के समीप हाइवे पर लगे जाम से लखनऊ-वाराणसी मार्ग काफी देर तक प्रभावित रहा। इसी तरह अन्य स्थानों पर भी बारिश से राहत के साथ आफत भी रही।