विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति ने एकलव्य स्टेडियम में सुविधाएं पूरी करने के दिए निर्देश

By khalid shah Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 28 Sep 2026 06:05 PM (IST)

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने जौनपुर प्रीमियर लीग के लिए एकलव्य स्टेडियम में ...और पढ़ें

जौनपुर प्रीमियर लीग: पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति ने एकलव्य स्टेडियम की तैयारियों का लिया जायजा।

जौनपुर प्रीमियर लीग: पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति ने एकलव्य स्टेडियम की तैयारियों का लिया जायजा।

HighLights

  1. कुलपति ने जौनपुर प्रीमियर लीग हेतु स्टेडियम सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

  2. जौनपुर प्रीमियर लीग 10-16 सितंबर तक, 10 टीमें, सुरेश रैना भी शामिल।

  3. मैदान में पानी निकासी, बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने जौनपुर प्रीमियर लीग को लेकर खेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को एकलव्य स्टेडियम में सभी आवश्यक सुविधाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

इसी क्रम में स्टेडियम के मैदान में भरे पानी की निकासी के लिए इंजन लगाए गए हैं। बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने, मैदान को खेलने योग्य बनाने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा कराने का काम चल रहा है। जौनपुर प्रीमियर लीग 10 सितंबर से 16 सितंबर तक होना प्रस्तावित है। इसमें 15-15 खिलाड़ियों वाली कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। नौ विधानसभा क्षेत्रों से टीमों का गठन किया जाएगा।

एक टीम विश्वविद्यालय परिसर से होगी और सभी टीमों को दो समूहों में बांटा जाएगा। समूह चरण के मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल और फाइनल मैच विश्वविद्यालय परिसर स्थित एकलव्य स्टेडियम में होंगे। विधानसभा स्तर पर टीमों के गठन से जिले के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता का उद्देश्य जौनपुर के युवाओं को क्रिकेट का मंच उपलब्ध कराना है। स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मुकाबलों में खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को सामने आने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर तक पहुंचाने पर जोर है।

कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह तैयारियों को लेकर खेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने मैदान, बिजली, जल निकासी और खिलाड़ियों से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। बारिश के कारण मैदान में जमा पानी निकालने का काम चल रहा है। बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही है और मैदान को मुकाबलों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

जौनपुर प्रीमियर लीग का आयोजन पूर्व आइएएस अभिषेक सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के लिए रैना स्वयं भी इंटरनेट मीडिया के माध्यम से लोगों से जुड़ रहे हैं। कुछ फिल्मी हस्तियों की ओर से भी जौनपुर प्रीमियर लीग के प्रचार-प्रसार की जानकारी सामने आई है।प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले एकलव्य स्टेडियम में होंगे।