वैश्विक शोध रैंकिंग में प्रो. वंदना सिंह का परचम, दो शोध विषयों में दुनिया के शीर्ष शोधकर्ताओं में स्थान
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने वैश्विक शोध जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल की ...और पढ़ें

प्रो. वंदना सिंह ने वैश्विक शोध रैंकिंग में लहराया परचम, पूर्वांचल विश्वविद्यालय का नाम रोशन।
HighLights
प्रो. वंदना सिंह को वैश्विक शोध रैंकिंग में शीर्ष स्थान मिला।
दो प्रमुख शोध विषयों में दुनिया के शीर्ष शोधकर्ताओं में शामिल।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय और क्षेत्र का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने वैश्विक शोध जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शोध डेटाबेस स्कॉलर्ली इंडेक्स (शोध सूचकांक) की ओर से जारी टॉप-1000 स्कॉलर 2026 (शीर्ष 1000 शोधकर्ता 2026) की वैश्विक रैंकिंग में उन्हें दो प्रमुख शोध विषयों में दुनिया के शीर्ष शोधकर्ताओं में स्थान मिला है।
दोनों विषयों में उनका इम्पैक्ट स्कोर (प्रभाव अंक) 95 से अधिक रहा है। यह उपलब्धि उनके शोध कार्य की वैश्विक पहुंच और प्रभाव को दर्शाती है।
माइक्रोवेव-असिस्टेड सिंथेसिस एंड एप्लिकेशंस (सूक्ष्मतरंग-सहायित संश्लेषण एवं अनुप्रयोग) विषय में प्रो. वंदना सिंह की विश्व रैंकिंग 202वीं रही। भारत में उन्हें 34वां स्थान मिला। उनका इम्पैक्ट स्कोर (प्रभाव अंक) 95.08 रहा और वह इस विषय में दुनिया के शीर्ष 2.2 प्रतिशत शोधकर्ताओं में शामिल हुईं।
उनका एच-इंडेक्स (शोध प्रभाव सूचकांक) 39 है। पॉलीसैकेराइड्स कंपोजिशन एंड एप्लिकेशंस (बहुशर्करा संरचना एवं अनुप्रयोग) विषय में भी प्रो. वंदना सिंह ने वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय स्थान हासिल किया है।
इस विषय में उनकी विश्व रैंकिंग 564वीं और भारत में रैंकिंग 28वीं रही। उनका इम्पैक्ट स्कोर (प्रभाव अंक) 96.11 रहा। वह इस क्षेत्र में दुनिया के शीर्ष 2.1 प्रतिशत शोधकर्ताओं में शामिल हैं। इस विषय में भी उनका एच-इंडेक्स 39 है।शोध के दो अलग-अलग क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करना प्रो. वंदना सिंह के शोध कार्य की मजबूत पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, शोधार्थियों और उच्च शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है। उनकी वैश्विक रैंकिंग से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय और पूर्वांचल क्षेत्र का नाम अंतरराष्ट्रीय शोध जगत में गौरवान्वित हुआ है।
