यातायात नियम तोड़ने वालों पर चला पुलिस का डंडा
यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बुधवार को चलाए गए अभियान में व्यापक पैमाने पर कार्रवाई की गई। इस दौरान
जागरण संवाददाता, जौनपुर: यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बुधवार को चलाए गए अभियान में व्यापक पैमाने पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 80 से अधिक वाहनों का चालान कर 13 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। खास बात यह रही कि हेलमेट व सीट बेल्ट नहीं लगाए वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ने की बजाय कार्रवाई की गई। नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वालों की न तो बहानेबाजी काम आयी और न ही मिन्नतें। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को आज के दिन एक साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया था। नगर में तो यह प्रभावी दिखा, लेकिन ग्रामीण इलाकों में पुलिस सक्रिय नहीं दिखी। छात्रों ने कराया पुलिस वालों का चालान
टीडी कालेज के समीप सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह व टीएसआइ विनोद सिंह वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान छात्रों ने इसकी वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ पुलिस वाले बिना हेलमेट के दिखे तो उनका भी नियम के मुताबिक चालान करने को छात्र कहने लगे, जिसके बाद कुछ पुलिस वालों का भी चालान किया गया। भइया इस बार छोड़ दें, अब आगे से ध्यान देंगे
स्कूटी पर सवार कई छात्राओं व महिलाओं को भी बिना हेलमेट पकड़े जाने पर जुर्माना लगाया गया। इस दौरान महिलाएं पुलिस वालों से दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की मिन्नतें करती रहीं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। कार्रवाई के दौरान उलझ रही महिलाओं से निबटने के लिए महिला पुलिस कर्मियों को भी बुला लिया गया। जारी रहेगा अभियान
यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। गत काफी समय से वाहन चालकों पर कार्रवाई करने की बजाय चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा था, जिसका समय अब बीत चुका है। वाहन चालक बेवजह परेशान नहीं किए जाएंगे, लेकिन अब नियमों का पालन नहीं करने छोड़े भी नहीं जाएंगे।
-सुशील कुमार सिंह, सीओ सिटी।